
युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी का तीन दिवसीय कार्यक्रम आज से आरंभ हो गया। यह आयोजन 30 नवम्बर 2025 तक चलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि से दीप प्रज्वलन कर की गई। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बरदिहा लेक व्यू रिज़ॉर्ट, गंगरेल में आयोजित किया जा रहा है।
विकासगढ़ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मेराज मीर तथा सह-संस्थापक सानिया शेख द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू, महापौर श्री रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू तथा अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग नेहरू निषाद. महिंद्रा कंपनी हैदराबाद से आए एआईसी इस्माइल अकबानी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन उन सभी के लिए खुला है जो किसी नए विचार को व्यवसायिक रूप देना चाहते हैं-चाहे वे विद्यार्थी हों, नौकरीपेशा हों या वर्तमान में स्टार्टअप चला रहे उद्यमी। उन्होंने युवाओं से अपने नवीन विचार साझा करने और टीम बनाकर उन्हें व्यवहारिक रूप देने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्टार्टअप इकोसिस्टम की दिशा में प्रेरित करना, उनके आइडिया को प्रोजेक्ट के रूप में विकसित कराना और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह आयोजन पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहला आयोजन है, जो धमतरी को स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों और सहपाठियों के स्टार्टअप अनुभव भी साझा किए, जिससे युवाओं को प्रोत्साहन मिला।
क्षेत्रीय विधायक श्री ओंकार साहू ने कहा कि धमतरी के युवाओं में अपार क्षमता है और इस तरह के आयोजन से उन्हें अपने कौशल और रचनात्मकता को दिशा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि धमतरी से अनेक सफल स्टार्टअप उभरकर सामने आएंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम नवाचार एवं तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग करेगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे समाज की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए तकनीक-आधारित मॉडल तैयार करें।
पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने युवाओं को आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आधुनिक युग में स्टार्टअप रोजगार सृजन का सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभर रहा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है।
अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग श्री नेहरू निषाद ने कहा कि उद्यमिता सामाजिक उन्नति का प्रमुख साधन है। आयोग भी युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
यह कार्यक्रम धमतरी में नवाचार और उद्यमिता के नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में मेंटोरशिप, टीम बिल्डिंग, पिच प्रेजेंटेशन और निवेशकों से संवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित होंगी।
श्री मीर ने ग्लोबल स्टार्टअप एक्सीलेरेटर “टेकस्टार” वर्ष 2006 से विश्वभर में स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप गतिविधियों तथा स्टार्टअप्स के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 10 से अधिक निवेशक, 20 से अधिक अनुभवी मेंटर्स, 50 संभावित स्टार्टअप टीम तथा 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। इससे युवाओं, छात्रों, स्टार्टअप फाउंडर्स और प्रोफेशनल्स को व्यापक मार्गदर्शन व नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।








