
अम्बिकापुर 04 अगस्त 2026/ कृषि विभाग की राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम अब जिले के किसानों के खेतों में दिखाई देने लगा है।
सरगुजा जिले के ग्राम ईरगवां निवासी किसान बेसाहू राम पिता रामप्रसाद एक्का ने कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर योजना का लाभ लिया। उन्हें NMEO योजना के अंतर्गत 40 किलोग्राम उन्नत किस्म का मूंगफली बीज उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने एक एकड़ कृषि भूमि में बोया।
किसान ने बताया कि ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी के तकनीकी मार्गदर्शन में खेत की तैयारी, बुवाई एवं फसल प्रबंधन किया गया। वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के कारण बीज का अंकुरण बेहतर हुआ है तथा पौधों की बढ़वार भी अच्छी है। फसल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस वर्ष मूंगफली के अच्छे उत्पादन की संभावना है, जिससे अच्छी आमदनी होगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि NMEO योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज, आधुनिक कृषि तकनीक तथा समय-समय पर तकनीकी सलाह उपलब्ध कराई जा रही है। इससे तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर वैज्ञानिक पद्धति से खेती करें, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकें।








