
महापौर एवं कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली को किया रवाना*
*- हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों, युवाओं एवं हर आयु वर्ग के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा*
राजनांदगांव 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आजादी के उत्सव को उल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाने के लिए स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम खेल परिसर मैदान, गौरव पथ राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं सहित हर आयु वर्ग के नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। देशभक्ति के नारों एवं उत्साह से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम खेल परिसर मैदान से प्रारंभ होकर गौरव पथ रोड, वीआईपी रोड, आम्बेडकर चौक एवं दिग्विजय स्टेडियम के सामने से होते हुए वापस वीआईपी रोड के रास्ते अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम खेल परिसर मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर महापौर श्री मधुसूदन यादव ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने भी प्रदेश एवं जिलेवासियों को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत 9 अगस्त से लगातार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना त्याग और बलिदान दिया है। उनके संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए आजादी के उत्सव में स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन हम सभी को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं तथा देश और समाज के लिए बेहतर कार्य करने का मार्गदर्शन देते हैं। ऐसी गतिविधियां नागरिकों को निरंतर प्रेरित एवं प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के आयोजनों को नए आयाम एवं नए स्वरूप के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो और देशभक्ति की भावना और मजबूत हो। कलेक्टर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा रैली में अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री सचिन बघेल, श्री खूबचंद पारख, श्री संतोष अग्रवाल, श्री सुरेश एच लाल, श्री संतोष पिल्ले, जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम श्री जीआर मरकाम, एसडीएम श्री गौतम पाटिल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल, जिला खेल अधिकारी श्री ए एक्का सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी, खिलाड़ी, खेल संघों के पदाधिकारी, शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान एवं गणमान्य नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।









