
*भोरमदेव अभयारण्य में 02 से 08 अक्टूबर तक विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम*
वनमंडलाधिकारी कवर्धा श्री निखिल अग्रवाल के निर्देशन एवं श्रीमती अनिता साहू, अधीक्षक, भोरमदेव अभयारण्य के मार्गदर्शन में कवर्धा वनमंडल द्वारा दिनांक 02 से 08 अक्टूबर 2026 तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जाएगा। यह सप्ताह प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” की अवधि में आयोजित हो रहा है। अभियान की स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और जनभागीदारी जैसी सेवा गतिविधियों की भावना के अनुरूप सप्ताह में विद्यार्थियों, युवाओं, पर्यटकों और आमजन को वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाएगा।
सप्ताह का उद्देश्य वन्यजीवों, वनों एवं जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को प्रोत्साहित करना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना है।
दिनवार कार्यक्रम
• 02 अक्टूबर – वन्यजीव जागरूकता रैली एवं स्वच्छता अभियान (प्रातः 07:00 बजे) स्थान: भोरमदेव कार्यक्रम मैदान, नामदेव होटल के पास से शनि मंदिर तक
• 03 अक्टूबर – स्कूली छात्रों हेतु वन्यजीव जागरूकता सत्र एवं स्थानीय युवाओं के साथ गाइडेड वन नाइट-लाइफ अनुभव स्थान: चिल्फी स्कूल एवं भोरमदेव अभयारण्य
• 04 अक्टूबर – तितली एवं प्रकृति यात्रा (नेचर वॉक): प्रशिक्षित गाइड द्वारा तितली अवलोकन एवं पहचान स्थान: भोरमदेव से थावरझोल
• 05 अक्टूबर – एक्सपोज़र विज़िट “अपने जंगल को जानो”: कॉलेज के विद्यार्थियों हेतु पेड़, पक्षी एवं तितलियों की पहचान और फील्ड-आधारित प्रकृति शिक्षा स्थान: करियाआमा गेट, भोरमदेव
• 06 अक्टूबर – फ्रंट लाइन स्टाफ हेतु संवेदीकरण कार्यक्रम: वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (WTI) द्वारा कॉरीडोर, अवैध गतिविधि, ट्रैप कैमरा, गश्ती आदि पर स्थान: काष्ठागार डिपो, कवर्धा
• 07 अक्टूबर – वन्यजीव फिल्म प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी (Quiz) एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता; विशेषज्ञ श्री बलबीर विश्वकर्मा द्वारा वन्यजीव एवं प्रकृति थीम पर स्टोन पेंटिंग (पत्थर पर चित्रकारी) व संवादात्मक सत्र स्थान: आत्मानंद स्कूल, कवर्धा एवं सरस्वती शिशु मंदिर, कवर्धा
• 08 अक्टूबर – प्रमाण पत्र वितरण एवं अभिनंदन समारोह: रील्स एवं वन्यजीव फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान एवं समापन स्थान: वनमंडल कवर्धा
सप्ताह का शुभारंभ 02 अक्टूबर को प्रातः 07:00 बजे भोरमदेव कार्यक्रम मैदान से जागरूकता रैली के साथ होगा। रैली के बाद भोरमदेव मैदान से शनि मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
वन विभाग ने आमजन, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है। साथ ही अनुरोध किया है कि वन क्षेत्र में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा न फेंकें, निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निपटान करें और वन एवं वन्यप्राणियों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं। स्वच्छता केवल वन विभाग की नहीं, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
*कवर्धा वनमंडल की अपील*
“आइए, सेवा का संकल्प लें, वन्यप्राणियों एवं प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लें,
भोरमदेव को स्वच्छ रखें और इसकी प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखें।”









