
एएम नाथ हिमाचल प्रदेश ब्यूरो चीफ । नाहन
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में निर्वाचन विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। बिंदल ने पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान दीवारों और साइन बोर्ड पर ‘वोट चोर’ लिखा गया तथा पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई। उन्होंने कहा कि यह सब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुआ। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कानून सत्तापक्ष और विपक्ष के लिए अलग-अलग नहीं हो सकता। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक दबाव के कारण कानून के दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
सोलन में कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन पर भी बिंदल ने निशाना साधा। उन्होंने इसे कांग्रेस की अंदरूनी नाराजगी और अंतर्कलह का परिणाम बताते हुए कहा कि नेताओं को अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखनी चाहिए।
चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के विरोध पर बिंदल ने कहा कि चुनाव जीतने पर आयोग को सही और हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में ठोस तथ्य सामने रखने को कहा।
बिंदल ने सुक्खू सरकार से सिरमौर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने नाहन मेडिकल कॉलेज के आधारभूत ढांचे पर भी समयबद्ध जवाब मांगा।
किशाऊ बहुउद्देश्यीय परियोजना को लेकर उन्होंने सरकार से प्रदेश के बिजली और वित्तीय हिस्से तथा सिरमौर के किसानों को मिलने वाले सिंचाई पानी की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित सिरमौर दौरे के रद्द होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए और प्रशासनिक तैयारियों पर हुए खर्च तथा लंबित घोषणाओं की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।







