
अम्बिकापुर 18 अगस्त 2026/ 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह में सरगुजा संभाग की छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से सरगुजा जिले एवं पूरे संभाग का गौरव बढ़ा है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं ने आज कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की। कलेक्टर वसंत ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा सहित शिक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बिकापुर एवं शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अम्बिकापुर की 286 छात्राओं ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से भारत की गौरवशाली स्वतंत्रता यात्रा, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, विविधता और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने की गौरवपूर्ण भावना को भी शामिल किया गया।
छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान से लेकर आधुनिक भारत की उपलब्धियों तथा युवा शक्ति के उत्साह को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सजीव रूप दिया। उनकी देशभक्ति, अनुशासन, ऊर्जा और उत्कृष्ट प्रस्तुति की दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहना की।
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों एवं पुलिस की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। स्कूली विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा डॉ. दिनेश कुमार झा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने कठिन अभ्यास एवं अनुशासन के साथ तैयारी की। प्रस्तुति की कोरियोग्राफी श्रीमती अनुराधा श्रीवास्तव एवं श्री तुषार सरकार ने की।
सरगुजा की 286 छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय, जिले और पूरे संभाग का गौरव बढ़ा है। शिक्षा विभाग ने छात्राओं, शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों को इस सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।








