
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा
भोपाल : IMNB NEWS AGENCY
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि व्यापार वाणिज्य और उद्योग के क्षेत्र में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश कदम से कदम मिलाकर इस क्षेत्र में कार्य करेगा। वैश्विक स्तर पर निवेश की संभावनाओं को साकार करने के लिए मैं मध्यप्रदेश से यूएई के दौरे पर आया हूं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक शक्ति बन रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उनकी यूएई यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी।
यह स्वर्णिम काल है, मध्यप्रदेश से बढ़ रहा है निर्यात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को यूएई पहुंचने पर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि भारत जिस तरह दुनिया के देशों के साथ अपने संबंधों को प्रगाढ़ कर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हमारा देश एक पारदर्शी, सरलीकृत व्यवस्था के साथ शुचिता के बल पर व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। राज्यों के बीच भी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। यह स्वर्णिम काल है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विभिन्न देशों के साथ व्यापार, वाणिज्य की गतिविधियों में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निवेश के प्रयासों में मध्यप्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। आज मध्यप्रदेश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक वर्ष में ही 76 हजार करोड़ रुपए का निर्यात मध्यप्रदेश से हुआ है।
अनेक क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि लॉजिस्टिक्स, माइनिंग, एग्रीकल्चर, रियल एस्टेट सहित हर क्षेत्र में निवेश आए, व्यापार बढ़े और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों। निश्चित ही यूएई और मध्यप्रदेश के बीच व्यापारिक संबंधों को नई ऊंचाई मिलेगी और निवेशक मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनेंगे।









