
राजनांदगांव 07 सितम्बर 2026। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बारिश के दौरान जल निकासी एवं सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। निगम की विभिन्न टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से कार्य कर रही हैं। मवेशी मालिकों द्वारा अपने मवेशियों को खुले में छोड़ दिए जाने के कारण शहर के चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के विचरण की स्थिति निर्मित होती है। नगर निगम की धरपकड़ टीम द्वारा लगातार मवेशियों को पकड़कर रेवाडीह एवं कन्हारपुरी स्थित कांजी हाऊस भेजा जा रहा है। साथ ही मवेशी मालिकों को अपने मवेशियों को बांधकर रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं छोडऩे की समझाइश दी जा रही है। मवेशियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निगम की अलग-अलग टीमें दिन के साथ-साथ रात्रि में भी मवेशियों को मार्ग से हटाने एवं हकालने की कार्रवाई कर रही हैं। मवेशियों की रात में दृश्यता बढ़ाने के लिए उनके गले में रेडियम पट्टी लगाने तथा सींग में रेडियम टेप चिपकाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके अलावा हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा नेशनल हाईवे पर मवेशियों को हटाने, हकालने एवं रेडियम पट्टी लगाने की कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में रेवाडीह चौक के पास नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 11 मवेशियों की मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर द्वारा एनएचआई को पत्र जारी कर हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग करने तथा मवेशियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के अनुरूप एनएचआई एवं यातायात विभाग द्वारा हाईवे की निगरानी करते हुए मवेशियों को हटाने और रेडियम पट्टी लगाने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा भी अभियान को तेज करते हुए मवेशियों को पकड़कर कांजी हाऊस भेजा गया तथा 190 मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी एवं सींग में रेडियम टेप लगाया गया है। नगर निगम द्वारा मवेशियों के समुचित प्रबंधन की दिशा में स्थायी व्यवस्था विकसित करने शहर में गो-धाम संचालन के लिए विभिन्न संस्थाओं से भी संपर्क किया जा रहा है।
शहर में लगातार बारिश के कारण वर्तमान में वार्डों में फॉगिंग का कार्य प्रभावित हुआ है। बारिश थमने के पश्चात मच्छरों की रोकथाम के लिए निर्धारित क्षेत्रों में फॉगिंग कार्य किया जाएगा। निगम द्वारा वार्डों में जल जमाव वाले स्थानों की समुचित निकासी कराकर साफ-सफाई कराई जा रही है। नगर निगम द्वारा मच्छरों के प्रजनन को रोकने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए नागरिकों से अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर गमले, पुराने टायर, डिब्बे एवं अन्य ऐसे पात्रों में पानी जमा होने की स्थिति में उसे नियमित रूप से खाली करने की अपील की गई है।
शहर की सड़कों को आवागमन के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग की टीम द्वारा सड़कों के गड्ढों में पेचवर्क कर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। बारिश के कारण जहां-जहां सड़कों पर गड्ढे निर्मित हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत की जा रही है। पेण्ड्री मेन रोड के एक हिस्से में नगर निगम द्वारा पूर्व में 7 लाख रूपए की स्वीकृत राशि से सीमेंटीकरण कार्य कराया गया है। शेष मार्ग में भी वार्ड के लिए स्वीकृत राशि के अनुसार चरणबद्ध रूप से सीमेंटीकरण किया जाएगा। वर्तमान में सड़क के गड्ढों में पेचवर्क कर आवश्यक मरम्मत की जा रही है। बारिश के दौरान सड़क किनारे पेड़ों एवं उनकी शाखाओं से दुर्घटना की संभावना को देखते हुए निगम द्वारा पेड़ों की छंटाई भी कराई जा रही है। इसी क्रम में पौधों एवं पेड़ों की अनावश्यक डंगालियों की भी छंटाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा बाजार क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है। रात्रिकालीन सफाई दल द्वारा भी रात के समय पूरे बाजार क्षेत्र की सफाई की जाती है। पसरा संचालकों एवं दुकानदारों को कचरा निर्धारित डस्टबिन में रखने तथा कचरा वाहन में ही डालने के लिए लगातार समझाइश दी जा रही है। बाजार क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त शौचालय का निर्माण किया गया है। इसके संचालन के लिए विभागीय प्रक्रिया के तहत रूचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई है। इससे बाजार क्षेत्र में आने वाले नागरिकों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता, यातायात सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार कार्य किया जा रहा है। नगर पालक निगम राजनांदगांव द्वारा नागरिकों से खुले में मवेशी नहीं छोडऩे, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने तथा अपने घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने की अपील की गई है।









