
मेहनत को मिला अवसर, सफल उद्यमी बने सूरज कुमार, परिवार के साथ दूसरों को भी दे रहे रोजगार
कोरबा 17 सितम्बर 2026/
स्वरोजगार के जरिए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने की चाहत बहुत पहले से थी, लेकिन व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक बड़ी पूंजी एक साथ जुटा पाना श्री सूरज कुमार गुप्ता के लिए आसान नहीं था। हुनर और मेहनत का भरोसा था, जरूरत थी तो सिर्फ ऐसे अवसर की, जो उनके सपने को आकार दे सके। कोरबा शहर के चिमनी भट्ठा निवासी सूरज कुमार को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की जानकारी प्रशासन द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर के माध्यम से मिली। योजना की जानकारी ने उन्हें अपने स्तर पर कुछ करने के लिए प्रेरित किया और उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की।
योजना के माध्यम से उन्हें मिक्चर एवं नमकीन निर्माण का व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ। ग्रामीण बैंक से 30 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिसमें 35 प्रतिशत सब्सिडी के रूप में 10 लाख रुपये से अधिक का अनुदान मिला। आर्थिक सहयोग मिलने के बाद सूरज कुमार ने आधुनिक मशीनें खरीदीं और मिक्चर सहित विभिन्न प्रकार के नमकीन बनाने का काम शुरू किया। इससे उनके व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिली। शेष ऋण राशि का भुगतान वे बैंक को आसान किश्तों और किफायती ब्याज दर के माध्यम से कर रहे हैं।
सूरज कुमार अपने अनुभव साझा करते हुए बताते हैं, “मेरी इच्छा थी कि अपना कोई व्यवसाय शुरू करूं और खुद रोजगार करने के साथ परिवार के लिए भी अच्छी आमदनी का जरिया बनाऊं। लेकिन शुरुआत के लिए बड़ी राशि की जरूरत थी। मेरे लिए इतनी रकम जुटा पाना कठिन था। जब मुझे पीएमएफएमई योजना के बारे में जानकारी मिली तो उम्मीद जगी। आवेदन के बाद ऋण और अनुदान की सुविधा मिली, जिससे मैं अपना काम शुरू कर सका।”
उन्होंने बताया कि शुरुआत में व्यवसाय को लेकर कई तरह की चुनौतियां थीं, लेकिन धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा बढ़ा और कारोबार आगे बढ़ता गया। आज उनके द्वारा तैयार मिक्चर एवं विभिन्न प्रकार के नमकीन आसपास के होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों में नियमित रूप से सप्लाई किए जा रहे हैं। शादी-विवाह तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी उन्हें ऑर्डर प्राप्त होते हैं। मांग बढ़ने के साथ उत्पादन में भी वृद्धि हुई है, जिससे व्यवसाय से होने वाली आमदनी में लगातार सुधार आया है।
सूरज कुमार कहते हैं, “पहले परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी। आय का कोई निश्चित साधन भी नहीं था। कई बार परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता था। अब व्यवसाय चलने से नियमित आमदनी हो रही है। इससे घर-परिवार की जरूरतें बेहतर तरीके से पूरी हो रही हैं और भविष्य को लेकर भी भरोसा बढ़ा है।” व्यवसाय के विस्तार का लाभ केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं रहा। उत्पादन बढ़ने के साथ उन्होंने अन्य लोगों को भी काम का अवसर उपलब्ध कराया है। इस तरह उनका छोटा प्रयास अब रोजगार सृजन का माध्यम बन रहा है। नियमित कारोबार और बढ़ती आमदनी ने उनके सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। परिवार की जीवनशैली में सुधार के साथ वे अपने बच्चों और परिवार की आवश्यकताओं को पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहे हैं।
सूरज कुमार के लिए पीएमएफएमई योजना केवल आर्थिक सहायता पाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर बनी। वे बताते हैं, “आज मुझे इस बात की खुशी है कि मैं अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक चला रहा हूं और अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रहा हूं। साथ ही, मेरे व्यवसाय से दूसरे लोगों को भी रोजगार मिल रहा है। सरकार की इस योजना ने मेरे सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है।” उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वरोजगार और छोटे उद्यमों को प्रोत्साहन देने वाली ऐसी योजनाओं से आम लोगों को अपना व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के प्रभावी संचालन के लिए शासन-प्रशासन के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।








