
CM Yogi Book: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कॉफी टेबल बुक ‘योगी की पाती’ के विमोचन के दौरान गोरखपुर के वनटांगिया गांवों से जुड़ा पुराना संघर्ष याद किया. उन्होंने बताया कि किस तरह बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल शुरू करने पर वन विभाग ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था. यह मामला कुसम्ही जंगल के बीच बसे जंगल तिनकोनिया नंबर तीन गांव का है. खास बात यह है कि मुख्यमंत्री हर साल दीपावली इसी गांव के वनटांगिया परिवारों के साथ मनाते हैं
अंग्रेजों के समय जंगलों में बसाए गए थे गरीब मजदूर
वनटांगिया समुदाय का इतिहास अंग्रेजी शासन से जुड़ा है. वर्ष 1918 में साखू के पेड़ लगाने और जंगल तैयार करने के लिए पूर्वांचल के गरीब मजदूरों को म्यांमार की टांगिया पद्धति के तहत जंगलों में बसाया गया था. आजादी के बाद भी इन परिवारों को लंबे समय तक बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल सकीं. गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा नहीं मिला था. बिजली, सड़क, पक्के मकान और स्कूल जैसी सुविधाएं भी नहीं थीं. वन विभाग के नियमों के कारण लोग अपनी झोपड़ियों पर टिन की छत तक नहीं लगा सकते थे.
बच्चों के लिए स्कूल खुलवाया तो दर्ज हो गया मुकदमा
वर्ष 2009 में तत्कालीन सांसद योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने गोरक्षनाथ मंदिर ट्रस्ट की मदद से जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में वन विभाग के पुराने और खराब पड़े शेड की मरम्मत कराई. वहां छत लगवाई गई और रंगाई-पुताई के साथ बच्चों के बैठने की व्यवस्था की गई. लेकिन वन विभाग ने इस काम को वन भूमि पर अतिक्रमण बताते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके सहयोगियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया.
विरोध और मुकदमे के बाद भी नहीं रुका स्कूल का काम
स्कूल शुरू करने के प्रयासों के दौरान वन विभाग ने निर्माण रुकवाने और अस्थायी ढांचे को हटाने का दबाव बनाया. कानूनी कार्रवाई और प्रशासनिक विरोध के बावजूद योगी आदित्यनाथ अपने फैसले पर डटे रहे. उन्होंने अधिकारियों के सामने बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों के हित का मुद्दा उठाया. आखिरकार स्कूल का संचालन शुरू हो गया. इस विद्यालय को ‘गोरक्षनाथ हिंदू विद्यापीठ’ नाम दिया गया. इसी साल से योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा भी शुरू की, जो आज तक जारी है.
2017 के बाद वनटांगिया गांवों की बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया परिवारों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के लिए कदम उठाए. गोरखपुर और महाराजगंज के 23 वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया. इससे हजारों परिवारों को नागरिक अधिकार, मतदान और जमीन से जुड़े अधिकार मिले. गांवों में हुए बदलाव की तस्वीर इस तरह है.
- 23 वनटांगिया गांव: राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने लगा.
- 770 से अधिक पक्के मकान: मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को घर मिले.
- बुनियादी सुविधाएं: घरों में बिजली, रसोई गैस कनेक्शन, शौचालय और नल से जल की सुविधा पहुंची.
- स्वास्थ्य और खाद्यान्न: पात्र परिवारों को आयुष्मान योजना और राशन कार्ड का लाभ मिला.
- पेंशन योजनाएं: बुजुर्गों और विधवा महिलाओं को पेंशन की सुविधा मिली.
- शिक्षा और पोषण: गांवों में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं.
- 82.41 करोड़ रुपये की परियोजनाएं: इस वर्ष दीपावली पर जंगल तिनकोनिया नंबर तीन में 52 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया.
स्कूल से शुरू हुई पहल ने हजारों परिवारों को दिलाई नई पहचान
वनटांगिया गांवों में बदलाव की शुरुआत बच्चों की शिक्षा के लिए किए गए प्रयास से हुई थी. कभी सरकारी सुविधाओं से दूर रहने वाले इन परिवारों को अब आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं मिल रही हैं. राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से उनकी पहचान भी बदली है. जंगल तिनकोनिया नंबर तीन का गोरक्षनाथ हिंदू विद्यापीठ आज उस संघर्ष की याद दिलाता है, जिसने वनटांगिया समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई.






