
अम्बिकापुर 18 सितम्बर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत लखनपुर विकासखंड के ग्राम राजपुरी कला में विकासखंड स्तरीय नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के तत्वावधान में ‘नमो सेवा गाथा’ गतिविधियों के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, पीएम पोषण, समग्र शिक्षा, पीएम-किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान तथा प्रधानमंत्री जन-धन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं की जानकारी को सरल एवं मनोरंजक तरीके से ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम में नृत्य एवं गीतों के माध्यम से स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया।








