
सिहावा के शासकीय शास्त्री महाविद्यालय में परिवहन विभाग ने लगाया जागरूकता सह लायसेंस शिविर
हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त वाहन संचालन के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
धमतरी/सिहावा, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को परिवहन संबंधी सुविधाएं उनके महाविद्यालय में ही उपलब्ध कराने तथा युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा सिहावा स्थित शासकीय शास्त्री महाविद्यालय में जागरूकता सह शिक्षार्थी लायसेंस शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 65 छात्र-छात्राओं के शिक्षार्थी (लर्निंग) ड्राइविंग लायसेंस बनाए गए। महाविद्यालय परिसर में ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने से विद्यार्थियों को परिवहन कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
शिविर में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि वाहन चलाना केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। सुरक्षित यातायात व्यवहार को अपनी दैनिक आदतों में शामिल कर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सकता है।
हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर दिया विशेष जोर
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट का सही तरीके से उपयोग करने तथा चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने की समझाइश दी। साथ ही यातायात संकेतों एवं सिग्नल का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों के सेवन से वाहन चालक की एकाग्रता, प्रतिक्रिया देने की क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। विद्यार्थियों से स्वयं सुरक्षित वाहन संचालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
महाविद्यालय स्तर पर मिल रही परिवहन संबंधी सुविधा
शिविर के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षार्थी लायसेंस बनवाने के लिए परिवहन कार्यालय तक आने-जाने की परेशानी से राहत देना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में ब्लॉकवार ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। परिवहन सुविधा केन्द्रों के माध्यम से आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों के साथ शिविर स्थल पर ही लायसेंस संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार शिक्षार्थी लायसेंस संबंधी सुविधा प्रदान की जा रही है।
इस पहल से विद्यार्थियों को समय एवं आवागमन की बचत के साथ परिवहन सेवाओं का सुगम लाभ मिल रहा है। साथ ही लायसेंस प्रक्रिया से जुड़े नियमों एवं सड़क सुरक्षा मानकों की जानकारी भी उन्हें प्रारंभिक स्तर पर प्राप्त हो रही है।
आगामी तिथियों में यहां लगाए जाएंगे शिविर
जिले में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 25 सितंबर 2026 को शासकीय कन्या महाविद्यालय धमतरी, भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज धमतरी एवं पी.जी. कॉलेज धमतरी में शिक्षार्थी लायसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को शासकीय महाविद्यालय भखारा तथा शासकीय गुरू घासीदास कॉलेज कुरूद में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री अश्वनी ध्रुव, जिला परिवहन अधिकारी श्री भगत सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।








