
बेटे की सर्जरी में नहीं आया इलाज का खर्च, अस्पताल में उपचार के साथ मिल रही भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं
निलेश्वर यादव ने कहा-पांच लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज की सुविधा से दूर हुई आर्थिक चिंता
अम्बिकापुर 20 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के बीच शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है। स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को उपचार की सुविधा मिलने से बीमारी के समय इलाज पर होने वाले बड़े खर्च की चिंता कम हो रही है।
ऐसी ही राहत जिले के बतौली विकासखंड के ग्राम गोविंदपुर के रहने वाली श्री निलेश्वर यादव के परिवार को मिली है। उनके साढ़े छह वर्षीय बेटे दिव्यांश यादव को हाइड्रोसील की समस्या थी। बच्चे को सूजन और तकलीफ होने पर परिजनों ने पहले उपचार कराया, लेकिन समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हुई। चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी की आवश्यकता बताई। इलाज के खर्च को लेकर परिवार के सामने चिंता थी, लेकिन आयुष्मान कार्ड से उपचार की सुविधा मिलने पर दिव्यांश की सर्जरी निःशुल्क हो सकी।
इलाज में नहीं लगा पैसा, नियमित देखभाल से परिवार संतुष्ट
श्री यादव ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जानकारी दी कि बच्चे का उपचार आयुष्मान कार्ड के माध्यम से किया जा सकता है। इसके बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर नियमित रूप से बच्चे की जांच और देखभाल कर रहे हैं। उपचार के लिए परिवार को पैसा खर्च नहीं करना पड़ा तथा भर्ती रहने के दौरान भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बच्चे को भर्ती किए जाने के बाद खांसी होने के कारण चिकित्सकीय सावधानी के तहत सर्जरी कुछ समय के लिए टाली गई थी। स्वास्थ्य सामान्य होने के बाद आवश्यक उपचार किया गया। वर्तमान में बच्चा स्वस्थ है और चिकित्सकों के अनुसार जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है।
“पैसे की चिंता के बिना हो सका बेटे का इलाज”
अपने अनुभव को साझा करते हुए श्री निलेश्वर यादव ने कहा कि आयुष्मान कार्ड उनके परिवार के लिए बड़ी मदद साबित हुआ। अस्पताल में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। डॉक्टर लगातार देखभाल कर रहे हैं और उपचार से लेकर भोजन तक की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपए तक निःशुल्क इलाज की सुविधा से बीमारी के समय इलाज के खर्च को लेकर उनकी चिंता दूर हुई है।
श्री यादव ने आयुष्मान भारत योजना से मिली स्वास्थ्य सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य सुरक्षा से बेहतर जीवन की ओर
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार की सुविधा ने निलेश्वर यादव जैसे परिवारों को बीमारी के समय आर्थिक संबल दिया है। सेवा संकल्प अभियान के दौरान ऐसी हितग्राही कहानियां दर्शाती हैं कि स्वास्थ्य योजनाओं की पहुंच से जरूरतमंद परिवार उपचार प्राप्त कर रहे हैं और आर्थिक बोझ की चिंता के बिना बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।









