
*टूटे हाथ के ऑपरेशन का खर्च हुआ निःशुल्क, आर्थिक संकट के बीच परिवार को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल*
रायपुर , 20 सितंबर 2026/ सेवा का अर्थ केवल सहायता पहुंचाना नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़े होना है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रहा है। बलरामपुर जिले के ग्राम जवाहरनगर निवासी 32 वर्षीय श्री अमृत कुमार मण्डल के जीवन में आयुष्मान कार्ड ने इसी सेवा संकल्प को साकार किया। गंभीर दुर्घटना में कलाई की कई हड्डियां टूटने के बाद जब महंगे इलाज की चिंता सामने थी, तब आयुष्मान कार्ड उनके परिवार के लिए उम्मीद और भरोसे का सहारा बन गया।
लघु कृषक परिवार के श्री अमृत कुमार अगस्त 2026 में घर के आंगन में चलते समय अचानक फिसलकर गिर गए। हादसे में उनकी कलाई में गंभीर चोट आई। प्रारंभिक उपचार के बाद भी दर्द कम नहीं हुआ, बल्कि उनकी परेशानी बढ़ती गई। इसके बाद रामानुजगंज के संजीवनी हॉस्पिटल में जांच कराई गई, जहां कलाई की कई हड्डियां टूटने की पुष्टि हुई और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई।
श्री अमृत कुमार के परिवार के सामने अब दोहरी चुनौती थी—एक ओर गंभीर चोट और दूसरी ओर इलाज का खर्च। छोटी जोत की खेती से परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री अमृत कुमार के लिए ऑपरेशन का खर्च जुटाना आसान नहीं था। इसी कठिन समय में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें योजना का लाभ मिला और अस्पताल में उनका सफल ऑपरेशन किया गया।
श्री अमृत कुमार के उपचार पर हुए 56 हजार 642 रुपये के पूरे खर्च का वहन योजना के अंतर्गत किया गया। परिवार को इलाज के लिए अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ा। उपचार के बाद श्री अमृत कुमार स्वस्थ होकर अपने गांव लौटे और अब सामान्य जीवन की ओर वापस बढ़ रहे हैं।
अपने अनुभव को साझा करते हुए श्री अमृत कुमार ने कहा कि कठिन समय में आयुष्मान कार्ड उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा सहारा बना। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना ने न केवल उन्हें समय पर उपचार दिलाया, बल्कि परिवार को आर्थिक परेशानी और कर्ज के बोझ से भी बचाया।
श्री अमृत कुमार की यह कहानी सेवा संकल्प अभियान की उस सार्थक तस्वीर को सामने लाती है, जहां शासन की योजना जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसके लिए राहत, सुरक्षा और उम्मीद का माध्यम बनती है। एक आयुष्मान कार्ड ने गंभीर चोट के इलाज की चिंता को दूर कर श्री अमृत कुमार को स्वस्थ जीवन की ओर लौटने का अवसर दिया। यही सेवा है जरूरत के समय साथ खड़ा होना और किसी परिवार के जीवन में उम्मीद की रोशनी बनना।









