
जगदलपुर, 21 सितम्बर 2026/ बस्तर जिले में अध्ययनरत कक्षा पहली से बारहवीं तक के दिव्यांग छात्र-छात्राओं की शिक्षा को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उप संचालक, समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार पात्र विद्यार्थी आगामी 30 सितंबर 2026 तक नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना का लाभ उठाने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले नेशनल पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसके बाद श्अप्लाई टू स्कॉलरशिपश् विकल्प में लॉगिन कर आधार का सत्यापन कराना अनिवार्य रहेगा। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात मांगी गई समस्त आवश्यक जानकारियों को दर्ज कर आवेदन पत्र जमा किया जा सकेगा।
इस छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों को मूल निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र तथा पूर्व वर्ष की अंक सूची सहित अन्य सभी अनिवार्य दस्तावेज संलग्न करने होंगे। विभाग ने जिले के समस्त पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को शासन की इस कल्याणकारी छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित किया जा सके।









