जशपुरनगर 22 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान और श्सेवा मेरा योगदान उत्सवश् का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान के दौरान निर्धारित तिथि के अनुसार संबंधित अधिकारियों को विभिन्न गतिविधियां आयोजित करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि आगामी 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक जिला स्तरीय और विकासखंड स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाना है।
ऐसे गांवों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं जहां पहले कभी शिविर नहीं लगा है, ताकि आसपास के गांवों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। एक ब्लॉक में एक दिन में एक ही शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में हितग्राहियों को 26 प्रकार की योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को छूटे हुए हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, परिवहन, राजस्व, कृषि, पशुपालन सहित अन्य विभागों को शिविर में सामग्री वितरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जनपद सीईओ को शिविर से पहले ग्राम पंचायतों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को जानकारी मिल सके। किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, शिक्षा विभाग को अपार आईडी, परिवहन विभाग को लाइसेंस शिविर और खाद्य विभाग को राशन कार्ड शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने समाज कल्याण और आयुष विभाग को योग शिविर आयोजित करने, स्वच्छता अभियान के तहत धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिकों को शामिल करने, देहदान, अंगदान, रक्तदान, वस्त्रदान, पुस्तक दान के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
गांवों में 23 से 25 सितंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान और वन विभाग को 25 हजार पौधरोपण की जिम्मेदारी दी गई है।
साथ ही 1अक्टूबर को सियान गुड़ी और सभी जनपद पंचायतों में सियान ऑयडल कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों के लिए गायन, वादन, कविता, भाषण प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की।
सेवा मेरा योगदान उत्सव का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश
जिला और विकासखंड में शिविर आयोजित करने के निर्देश
स्वच्छता अभियान,योग शिविर, अंगदान, रक्तदान, वस्त्र दान, पुस्तक दान के लिए करें प्रोत्साहित
1 अक्टूबर को सियान गुड़ी और सभी जनपद पंचायत में सियान ऑयडल के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए होगा कार्यक्रम









