
हार्ट की गंभीर बीमारी में पेसमेकर के लिए 8.91 लाख रुपए की सहायता, रायपुर एम्स में हुआ सफल उपचार
रायपुर, 22 सितंबर 2026/
सीने में दर्द से शुरू हुई परेशानी जांच के बाद हार्ट की गंभीर बीमारी में बदल गई। डॉक्टरों ने पेसमेकर लगाने की जरूरत बताई तो इलाज के बड़े खर्च की चिंता सामने थी। ऐसे समय में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना मुकेश कुमार शर्मा के लिए उपचार का सहारा बनी। रायगढ़ के खरसिया विकासखंड के ग्राम महुंआपाली निवासी मुकेश के पेसमेकर प्रत्यारोपण के लिए शासन से 8 लाख 91 हजार 778 रुपए की सहायता स्वीकृत हुई, जिसके बाद रायपुर एम्स में उनका सफल ऑपरेशन किया गया। उपचार के बाद अब उनकी स्वास्थ्य स्थिति अच्छी है।
मुकेश को सीने में दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें रायपुर लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकीय जांच में हार्ट की समस्या सामने आने के बाद उनका उपचार रायपुर एम्स में शुरू हुआ। इसी दौरान जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की आयुष्मान शाखा से उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत आवेदन करने के बाद पेसमेकर लगाने के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की गई।
सहायता मिलने के बाद मुकेश का सफल ऑपरेशन कर पेसमेकर लगाया गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और चिकित्सकीय निगरानी के बाद अब वे स्वस्थ हैं। मुकेश ने योजना के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता नहीं मिलती तो गंभीर बीमारी के बीच इलाज कराना उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल होता।
सेवा संकल्प अभियान के दौरान जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और आर्थिक कारणों से किसी मरीज का उपचार प्रभावित न हो, इसके लिए शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।









