
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत छुटे हुए हितग्राहियों के घरों में शीघ्र स्मार्ट नेट मीटर लगाने के दिए निर्देश*
*- गिरदावरी कार्य में त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
*- नशे के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश*
राजनांदगांव 22 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों एवं प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करते हुए आवेदकों को समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराने कहा। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित होने के बावजूद स्मार्ट नेट मीटर नहीं लगने की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ऐसे सभी छूटे हुए हितग्राहियों की पहचान कर उनके घरों में शीघ्र स्मार्ट नेट मीटर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने कहा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को गिरदावरी कार्य की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारी एवं सर्वेयर द्वारा गिरदावरी का कार्य त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराना सुनिश्चित करने कहा।
*पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश -*
कलेक्टर ने नागरिकों को प्राकृतिक एवं स्वच्छ सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति व्यापक जागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बिजली की आवश्यकता को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में अब तक 6 हजार 190 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे बड़ी संख्या में परिवार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। कलेक्टर ने इस योजना के लाभों को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने कहा। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सूर्य सभाएं, प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ें, ताकि जिले में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ नागरिकों को बिजली की बचत एवं आर्थिक लाभ भी प्राप्त हो सके।
*नशे के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई और एक्सपायरी दवाइयों की जांच के दिए निर्देश-*
कलेक्टर ने जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं इसके बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कड़ी एवं निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशीले पदार्थों के अवैध विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं एवं आम नागरिकों में जागरूकता लाने के लिए आवश्यक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोकथाम के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने जिले में दवाइयों की गुणवत्ता एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल दुकानों एवं संबंधित संस्थानों में एक्सपायरी दवाइयों की नियमित एवं लगातार जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक्सपायरी दवाइयों की बिक्री अथवा उपलब्धता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी दवाइयां किसी भी स्थिति में आम नागरिकों तक न पहुंचें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई प्रभावी रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाईन, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।









