
जगदलपुर, 22 सितम्बर 2026/ ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ को जमीनी स्तर पर सशक्त और प्रभावी बनाने की दिशा में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गीदम रोड में मंगलवार को शहरी मितानिनों और मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें जिला क्षय नियंत्रण यूनिट की टीम ने अभियान के विभिन्न पहलुओं, संभावित मरीजों की त्वरित पहचान, समय पर जांच और निरंतर उपचार की प्रक्रियाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मैत्री तथा शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक पीडी बस्तिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका की सराहना की और उन्हें आगामी प्राथमिकताओं के प्रति सजग किया। उन्होंने क्षय नियंत्रण अभियान को और अधिक गति देने का आह्वान करते हुए कहा कि गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत तय लक्ष्यों के अनुरूप अधिक से अधिक नागरिकों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि समय रहते गंभीर बीमारियों की रोकथाम हो सके। इसके साथ ही, उन्होंने मितानिनों को आगामी दिनों में पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान भारत कार्ड और वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का सीधा और शत-प्रतिशत लाभ मिल सके।








