
दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर में 34 हितग्राही लाभान्वित, दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों का सम्मान, टीबी मरीजों को पोषण आहार और बुजुर्गों को सहायक उपकरण वितरित*
रायपुर, 25 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के जिला मुख्यालय मोहला में मेगा स्वास्थ्य शिविर एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष मेडिकल बोर्ड शिविर का आयोजन किया गया। समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, उपचार संबंधी परामर्श और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, टीबी मरीजों को पोषण आहार तथा बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
*विशेष मेडिकल बोर्ड शिविर में 34 दिव्यांगजन लाभान्वित*
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में आयोजित विशेष जिला मेडिकल बोर्ड शिविर में लगभग 51 नागरिकों ने सहभागिता की। चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता का आकलन किया गया। परीक्षण के उपरांत पात्र हितग्राहियों के दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं यूडीआईडी (यूनिक डिसेबिलिटी आईडी) कार्ड तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर के माध्यम से कुल 34 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 18 अस्थिबाधित, 4 श्रवण बाधित, 8 मानसिक रोग से प्रभावित, एक सिकल सेल तथा 3 लकवा से प्रभावित हितग्राही शामिल रहे। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके निवास क्षेत्र के समीप ही आवश्यक चिकित्सा परीक्षण और प्रमाणपत्र संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना था। यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
*मेगा स्वास्थ्य शिविर में जांच, परामर्श और योजनाओं की दी गई जानकारी*
जिला स्वास्थ्य केंद्र मोहला में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य स्वास्थ्य जांच सहित आवश्यकतानुसार विभिन्न परीक्षण किए गए। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
शिविर में अंगदान एवं नेत्रदान, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, टीबी मुक्त भारत अभियान और स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता, बीमारियों से बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने ‘मेरी कहानी, मेरी जुबानी’ के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि किस प्रकार शासन की स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं से उन्हें उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त हुई।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों का सम्मान*
कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मितानिनों को अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने, गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने में मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
इस दौरान निश्चय मित्र के माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की पहल भी की गई। जरूरतमंद मरीजों को पोषण आहार वितरित कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के साथ टीबी उन्मूलन अभियान में सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
*पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, बुजुर्गों को सहायक उपकरण वितरित*
शिविर में पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। नागरिकों को आयुष्मान योजना के अंतर्गत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार संबंधी लाभों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही बुजुर्ग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण के रूप में छड़ी प्रदान की गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री दिलीप वर्मा सहित जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, सरपंच श्री गजेंद्र पुरामें, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उज्जवल पोरवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।









