
रायपुर, 25 सितंबर 2026/ स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आज रायपुर के मठपारा स्थित महाराजबंध तालाब में श्रमदान एवं सफाई अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम की टीम, ग्रीन आर्मी, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में जागरूक नागरिकों ने सहभागिता निभाई और तालाब को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, महंत रामसुंदर दास, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, सूडा के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
*स्वच्छता के लिए सामूहिक श्रमदान*
अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने महाराजबंध तालाब परिसर में श्रमदान करते हुए कचरे एवं गंदगी की सफाई की। इस अवसर पर नागरिकों को तालाब एवं जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से तालाब में कचरा नहीं डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया।
*पांच सफाई मित्रों का हुआ सम्मान*
कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले पांच सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में—
श्री रमेश सोना, श्री अवधेश सोनी, श्री घना कुर्रे, श्री अमित धीवर एवं श्री राहुल राजपूत शामिल रहे। अतिथियों ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में स्वच्छता कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सुनील सोनी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने सेवा, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ स्वच्छता अभियानों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया।
*पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए उपस्थित लोगों ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का संकल्प लिया।
“सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, नगर निगम, ग्रीन आर्मी, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली। महाराजबंध तालाब परिसर में हुए इस श्रमदान ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का प्रभावी संदेश दिया।









