
Rohit Sharma Shikhar Dhawan opening partnership: और शिखर धवन की दोस्ती और मैदान पर उनकी शानदार ओपनिंग जोड़ी लंबे समय तक फैंस के बीच चर्चा में रही है. शिखर धवन हाल ही में रोहित शर्मा के शो Family Full House with Rohit Sharma में नजर आए, जहां एक-दूसरे से जुड़े मजेदार सवालों के जवाब देकर दोनों ने माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया.
रोहित शर्मा के शो पर पहुंचे शिखर धवन
रोहित शर्मा के शो में शिखर धवन के साथ अभिनेता और होस्ट मनीष पॉल भी बातचीत का हिस्सा बने. इस दौरान दोनों पूर्व ओपनर्स से एक-दूसरे की आदतों और व्यवहार को लेकर कई मजेदार सवाल पूछे गए.
सवाल-जवाब के इस सेगमेंट में रोहित और धवन ने कई बार एक-दूसरे की ओर इशारा किया. खास बात यह रही कि कुछ सवालों पर दोनों का जवाब एक ही रहा.
ओपनिंग के दौरान कौन करता है सबसे ज्यादा ड्रामा?
मनीष पॉल ने पूछा कि ओपनिंग के दौरान स्ट्राइक पर न होने वाला बल्लेबाज सबसे ज्यादा ड्रामा कौन करता है?
इस सवाल पर रोहित शर्मा और शिखर धवन दोनों ने ही ‘गब्बर’ की ओर इशारा किया. ‘गब्बर’ शिखर धवन का लोकप्रिय निकनेम है.
पार्टी में जाने से कौन करता है इनकार?
इसके बाद दोनों से पूछा गया कि पार्टी में जाने से मना करने की सबसे ज्यादा संभावना किसकी है. इस सवाल पर भी दोनों ने ‘शाना’ का नाम लिया. रोहित और धवन के इन जवाबों ने बातचीत को और मजेदार बना दिया.
सिंगल दिनों में किसके ज्यादा फीमेल फ्रेंड्स थे?
बातचीत यहीं नहीं रुकी. मनीष पॉल ने दोनों से उनके सिंगल दिनों से जुड़ा एक सवाल भी पूछा.
जब पूछा गया कि किसके आसपास सबसे ज्यादा महिला मित्र रहती थीं, तो रोहित ने ‘गब्बर’ की ओर इशारा किया, जबकि धवन ने ‘शाना’ को चुना. यानी कि इस सवाल पर दोनों की राय अलग-अलग थी.
दबाव की स्थिति में किसे ज्यादा टेंशन होती है?
प्रेशर वाली स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर दोनों एक बार फिर एकमत नजर आए. जब पूछा गया कि दबाव की स्थिति में किसे सबसे ज्यादा दबाव महसूस होता है, तो रोहित और धवन दोनों ने ‘गब्बर’ की ओर इशारा किया.
सबसे बड़ा ‘कंजूस’ कौन?
आखिरी सवालों में से एक था कि दोनों में सबसे बड़ा ‘कंजूस’ कौन है. इस सवाल पर रोहित शर्मा ने किसी एक का नाम लेने से इनकार कर दिया. इसके बजाय रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा कि दोनों का दिल बड़ा है.









