
सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा एवं अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
धमतरी, 26 सितंबर 2026। जिले एवं आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी सहित जिला प्रशासन की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जलभराव से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ आपदा भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। प्रभावित परिवारों को भोजन, आवास सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोलियरी, (मधुरिमा) सलोनी, खरेंगा आदि में जलभराव से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रूप से बाढ़ आपदा भवन में शिफ्ट किया गया है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
क्षतिग्रस्त मार्गों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने भारी बारिश एवं जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी के कारण क्षतिग्रस्त कोड़ेगांव बी से मोगरागहन मार्ग का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य कराकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा है।
श्री नाहटा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी सड़कों की स्थिति की व्यापक समीक्षा करने तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जहां भी आवागमन प्रभावित हुआ है, वहां प्राथमिकता के साथ आवश्यक सुधार कार्य कराकर नागरिकों के आवागमन को सुचारू बनाया जाए।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों से जिले में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त अथवा जलभराव से प्रभावित सड़कों की स्थानवार जानकारी, क्षति की गंभीरता, आवागमन की स्थिति तथा संपर्क बाधित होने की स्थिति की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ सड़क एवं संपर्क व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है। प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।









