
जशपुरनगर 26 सितंबर 2026/ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत, जशपुर, मंत्रालय युवा कार्यक्रम एवं खेल, भारत सरकार के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय तपकरा में विशेष कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में कुल 50 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में फरसाबहार क्षेत्र के मेरा युवा भारत स्वयंसेवक दीपक कुमार निषाद एवं धन सिंह साय ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के युवाओं के साथ मिलकर पौध रोपण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छ एवं हरित परिवेश के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मेरा युवा भारत, जशपुर द्वारा युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के उद्देश्य से इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।









