
जशपुरनगर 26 सितंबर 2026/ जिले में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आज 26 सितंबर 2026 को कुल 53 क्लस्टर के 212 आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर समुदाय को जागरूक करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोस्टर के माध्यम से पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही, महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं एवं बच्चों के पोषण पर करने वाली माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। उपस्थित जनसमुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करते हुए पोषण प्रतिज्ञा दिलाई गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से यह कार्यक्रम जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक निरंतर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं हितग्राहियों को सम्मानित किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय की सहभागिता बढ़ाना, माताओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय की सक्रिय भागीदारी से और अधिक सशक्त बनाना है।









