
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सेवक राम साहू का घर बना ऊर्जा आत्मनिर्भर*
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। श्री सेवकराम साहू ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर की बिजली जरूरतों को सौर ऊर्जा से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के डोंगरगांव विकासखंड ग्राम अर्जुनी निवासी श्री सेवक राम साहू ने बताया कि वे लगभग एक वर्ष पहले उन्होंने अपने घर में सोलर पैनल स्थापित कराया। इसके बाद उनके बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है और अब उन्हें लगभग बिजली बिल नहीं देना पड़ रहा है। श्री सेवक राम साहू ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग 690 से 750 रूपए प्रतिमाह आता था। सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के बाद अब बिजली बिल की राशि शून्य हो गई है।
श्री सेवक राम ने बताया कि लगभग 2 लाख रूपए की लागत से सोलर पैनल स्थापित हुआ। इसमें उन्होंने 20 हजार रूपए स्वयं जमा किए, जबकि शेष राशि के लिए बैंक से वित्तीय सुविधा प्राप्त हुई। योजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रूपए तथा राज्य सरकार से 30 हजार रूपए की सहायता मिली। इस प्रकार उन्हें कुल लगभग 1 लाख 8 हजार रूपए की सहायता प्राप्त हुई। श्री साहू ने बताया कि शेष राशि की किस्त वे अपनी सुविधा के अनुसार चुका रहे हैं। इस तरह सौर ऊर्जा संयंत्र उनके परिवार के लिए बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ भविष्य में आर्थिक बचत का माध्यम भी बन रहा है।
श्री सेवक राम साहू ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शासन की बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर परिवार बिजली के खर्च को कम कर सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में योगदान दे सकते हैं। श्री साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की सेवा भावना के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अपने घर में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित कर सेवा, ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।









