
स्वस्थ बच्चों का सम्मान, पौष्टिक थाली का प्रदर्शन और व्यंजन प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं को किया जागरूक
धमतरी, 27 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत धमतरी नगर के सुभाषनगर एवं लालबगीचा वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सुपोषित परिवार की दिशा में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती पूर्णिमा देवांगन एवं श्रीमती हिमानी साहू उपस्थित रहीं। इस अवसर पर स्वस्थ बच्चों का सम्मान किया गया तथा पोषण शक्ति सम्मान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं ने स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर संतुलित आहार की उपयोगिता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में रंगोली, मेहंदी एवं पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों का समुचित उपयोग कर परिवार के लिए संतुलित और पोषक आहार तैयार किया जा सकता है।
महिलाओं को घर-घर मुनगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा के पत्तों एवं फली में उपलब्ध पोषक तत्वों के महत्व की जानकारी देते हुए इसे परिवार के दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने योजनाओं से प्राप्त लाभ और अपने अनुभव साझा किए। पार्षद श्रीमती हिमानी साहू ने महिलाओं एवं बच्चों के हित से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, वृद्धि निगरानी तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा जैसी सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को बच्चों के पोषण स्तर पर नियमित ध्यान देने, स्वच्छता अपनाने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुपोषित बचपन और स्वस्थ मातृत्व केवल शासकीय योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्र इस दिशा में शासन और समुदाय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन एवं मार्गदर्शन पर्यवेक्षक श्रीमती गौरिशा यादव के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।









