जशपुरनगर 28 सितम्बर 2026/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत 25 सितम्बर 2026 को जनपद पंचायत कुनकुरी के मंगल भवन सभाकक्ष में बैंक ऋण मेले का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित मेले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऋण स्वीकृत किए गए।
बैंक ऋण मेले में विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 75 हितग्राहियों को 72.20 लाख रुपये का मुद्रा ऋण तथा 65 स्व-सहायता समूहों को 175.50 लाख रुपये का बैंक लिंकेज ऋण स्वीकृत किया गया।
मेले में ग्रामीण बैंकों द्वारा 34 हितग्राहियों को 32.80 लाख रुपये का मुद्रा ऋण तथा 34 समूहों को 32.80 लाख रुपये का बैंक लिंकेज स्वीकृत किया गया।
इसी प्रकार एसबीआई द्वारा 23 हितग्राहियों को 21.40 लाख रुपये का मुद्रा ऋण तथा 37 समूहों को 85.50 लाख रुपये का बैंक लिंकेज प्रदान किया गया। इंडियन बैंक द्वारा 15 हितग्राहियों को 15 लाख रुपये का मुद्रा ऋण तथा 3 समूहों को 7.50 लाख रुपये का बैंक लिंकेज स्वीकृत किया गया। पंजाब बैंक द्वारा 3 हितग्राहियों को 3 लाख रुपये का मुद्रा ऋण तथा 2 समूहों को 3 लाख रुपये का बैंक लिंकेज स्वीकृत किया गया।
स्वीकृत ऋण राशि का उपयोग स्व-सहायता समूह की महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के लिए कर रही हैं। इनमें मुर्गी पालन, बकरी पालन, सिलाई दुकान, ब्यूटी पार्लर, बेकरी, किराना दुकान एवं रेस्टोरेंट जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन गतिविधियों से महिलाएं अपनी आय में वृद्धि कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं तथा कई महिलाएं लखपति दीदी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम में डीएसपी श्री के.आर. चौहान, जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार प्रमोद सिंह, श्री अमीन खान, डीपीएम एफआई श्री विन्सेंट तिर्की, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
65 स्व-सहायता समूहों को 175.50 लाख रुपये का बैंक लिंकेज









