
*सेवा संकल्प अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, माताओं और समुदाय की सहभागिता से हुए विविध आयोजन*
कवर्धा, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना सहसपुर लोहारा के 259 आंगनबाड़ी केंद्रों में 28 सितंबर को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, हितग्राही माताओं, स्वसहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ना, महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का नागरिक संकल्प भी लिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र सिंगारपुर जंगल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री लालाराम साहू एवं पूर्व जनपद सदस्य श्री रवि राजपूत उपस्थित रहे। उन्होंने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को महिलाओं एवं बच्चों के प्रति समर्पित पहल बताते हुए समुदाय की सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, श्रीफल एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
केंद्र में खाद्यान्न, ताजी हरी सब्जियों एवं फलों से तैयार आकर्षक ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन कर संतुलित आहार एवं कुपोषण मुक्त समाज का संदेश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र सहसपुर लोहारा क्रमांक-01 में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, श्री नितेश अग्रवाल, श्री लालाराम साहू, श्री सत्यप्रकाश तिवारी, श्रीमती शिवकुमारी सोनी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री हेमंत साहू, श्री कृष्णकुमार वैष्णव एवं श्री शिवचरण पटेल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री अशोक पटेल, सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया गया। बच्चों से अंग्रेजी वर्णमाला सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी प्रतिभा को परखा गया। महिलाओं ने गीत प्रस्तुत किए तथा एक हितग्राही महिला ने महतारी वंदन योजना से मिले लाभ का अनुभव साझा किया। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने पोषण वाटिका का भ्रमण कर पौष्टिक सब्जियों एवं फलदार पौधों के महत्व की जानकारी ली।
लखनपुर और बांधाटोला में भी उत्साहपूर्वक आयोजन
यहां दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। बच्चों से गीत, कविता एवं अंग्रेजी वर्णमाला जैसी गतिविधियां कराई गईं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ का अनुभव साझा किया। पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा परियोजना अधिकारी सुश्री रीना ठाकुर ने खिलौना बैंक की उपयोगिता और समुदाय की सहभागिता के संबंध में जानकारी दी।
न्योता भोज, फल वितरण और रचनात्मक गतिविधियों से उत्सवमय रहा आंगन
सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनभागीदारी से बच्चों के लिए ‘न्योता भोज’ एवं फल वितरण का आयोजन किया गया। बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं एवं युवतियों के लिए मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता कराई गई।इसके साथ ही ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ के माध्यम से स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों तथा उनकी माताओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया गया। इन गतिविधियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और माताओं के लिए सीखने, खेलने और संवाद का जीवंत केंद्र बना दिया।
पोषण वाटिका और ‘हर घर मुनगा’ का संदेश
कुपोषण के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका तैयार करने के लिए पौधारोपण किया गया। फलदार पौधों और पौष्टिक सब्जियों के महत्व की जानकारी देते हुए परिवारों को अपने घरों में भी पोषण वाटिका विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ के संदेश के साथ मुनगा लगाने का संकल्प भी दिलाया गया, ताकि परिवारों को स्थानीय स्तर पर पोषणयुक्त खाद्य स्रोत उपलब्ध हो सके।
खिलौना बैंक के लिए जनभागीदारी की अपील
बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘खिलौना बैंक’ को समृद्ध करने के लिए समुदाय को खिलौने एवं खेल सामग्री दान करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों के लिए उपयोगी खेल सामग्री उपलब्ध कराने से आंगनबाड़ी केंद्रों में सीखने की प्रक्रिया को और अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
योजनाओं के लाभ से माताओं को मिला संबल
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में करने वाली सजग माताओं को ‘पोषण शक्ति सम्मान’ प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, नवीन पात्र हितग्राहियों का प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत मौके पर ही पंजीयन सुनिश्चित किया गया। सहसपुर लोहारा परियोजना के सभी 259 आंगनबाड़ी केंद्रों में सरपंच, सचिव, पंच, जनप्रतिनिधि, पर्यवेक्षक, सहयोगी विभागों के अमले, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।









