
– संभागायुक्त ने डोंगरगढ़ में क्वांर नवरात्रि मेले की तैयारियों के संबंध में ली बैठक
– दुकानों का होगा सेफ्टी ऑडिट, प्लास्टिक मुक्त डोंगरगढ़ के लिए सहयोग की अपील
– श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को समय-सीमा में करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 30 सितम्बर 2026। संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने आज मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में 11 अक्टूबर से प्रारंभ हो रहे क्वांर नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने छिरपानी परिसर डोंगरगढ़ में आयोजित बैठक में अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने कहा कि पिछले वर्ष सभी के सहयोग से नवरात्रि मेले का आयोजन व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक हुआ था। इस वर्ष भी प्रशासन, पुलिस, मंदिर ट्रस्ट, स्थानीय निकाय, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के समन्वित प्रयास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की संख्या अधिक होने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, यातायात, पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन के साथ डोंगरगढ़ के अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों का भी आनंद लेकर सुरक्षित एवं सुखद अनुभव के साथ वापस लौटें, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डोंगरगढ़ के विकास में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक पर्यटन एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए आगे आएं। प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने डोंगरगढ़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा अस्पताल संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पंडाल, यातायात और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विभागवार कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के साथ यातायात सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों की मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है। महाराष्ट्र सहित विभिन्न दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों पर भी पंडाल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को रोप-वे के फिटनेस प्रमाण-पत्र तथा प्रतिदिन आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत संबंधी प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता पडऩे पर रात्रि में भी रोप-वे संचालन की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने मेले के दौरान दुकानों में विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का सेफ्टी ऑडिट कराने कहा। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त रखने के अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सहभागिता से डोंगरगढ़ को चरणबद्ध तरीके से प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम और डीएसपी को मंदिर ट्रस्ट, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा, आरपीएफ एवं रेलवे कर्मचारियों की व्यवस्था तथा रेलवे पुल के नीचे जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय करने की जानकारी दी।
कलेक्टर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाली कलश यात्रा के लिए रेलवे से आवश्यक सहयोग हेतु पत्राचार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निजी संस्थाओं की सहभागिता से प्रमुख मार्गों पर प्राथमिक उपचार एवं पैरों में छाले आदि की स्थिति में आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों, संस्थाओं, मंदिर ट्रस्ट, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मेले को सेवा का अवसर मानकर पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से भी सुझाव लिए गए। बैठक में नगर पालिक परिषद डोंगरगढ़ के अध्यक्ष श्री रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री अक्षय दोषी, पुलिस विभाग के अधिकारी, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री अनील गट्टानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।









