
“शुरुआती पहचान ही सबसे बड़ाबचाव है” के संदेश के साथ होगाआयोजन
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क क्लिनिकल जांच,परामर्श और आवश्यकतानुसार सोनोमैमोग्राफी की सुविधा 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं एवं पारिवारिक इतिहास वाली महिलाओं के लिए विशेष अवसर
रायपुर, 30 सितंबर 2026. अक्टूबर माह को वैश्विक स्तर पर ‘स्तन कैंसर जागरूकता माह’ के रूप में मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में क्षेत्रीय कैंसर केंद्र (RCC), पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर द्वारा आगामी शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को एक विशाल “स्तन कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के ओ.पी.डी. परिसर में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रारंभिक अवस्था में ही इसकी पहचान सुनिश्चित करना है। विशेषज्ञों के अनुसार, स्तन कैंसर की यदि समय पर पहचान हो जाए, तो आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की मदद से इसका सफल उपचार संभव है।
शिविर की मुख्य विशेषताएं एवं उपलब्ध सुविधाएं:-
निःशुल्क परामर्श एवं परीक्षण:- क्षेत्रीय कैंसर केंद्र के विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजिस्ट्स द्वारा निःशुल्क क्लिनिकल जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
सोनोमैमोग्राफी (Sonomammography) सुविधा:- क्लिनिकल परीक्षण के दौरान आवश्यकता पाए जाने पर संबंधित महिलाओं के लिए सोनोमैमोग्राफी जांच की व्यवस्था की जाएगी।
स्वयं जांच (BSE) का प्रशिक्षण:- महिलाओं को घर पर ही स्तन स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए तीन आसान चरणों- देखना (आईने के सामने), महसूस करना (हाथ से जांच) और लेटकर आराम से जांच करने की वैज्ञानिक विधि सिखाई जाएगी।
कौन ले सकता है शिविर में भाग?
शिविर में 30 वर्ष या उससे अधिक उम्र की सभी महिलाओं को जांच कराने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से वे महिलाएं जिनके परिवार में (माँ, बहन, नानी आदि) स्तन कैंसर का इतिहास रहा हो, उन्हें अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग करानी चाहिए।
इन लक्षणों पर तुरंत दें ध्यान:-
चिकित्सकों ने अपील की है कि स्तन या कांख (Underarm) में कोई कठोर गांठ, आकार या त्वचा में असामान्य बदलाव (जैसे त्वचा का लाल होना या संतरे के छिलके जैसा दिखना), निप्पल का अंदर धंसना, निप्पल से असामान्य स्राव (डिस्चार्ज या रक्त) अथवा लगातार दर्द रहने जैसे लक्षण दिखने पर झिझकें नहीं, बल्कि तुरंत विशेषज्ञ की सलाह लें।
पंजीकरण एवं संपर्क सूत्र:-
शिविर में भाग लेने के लिए इच्छुक महिलाएं आधिकारिक लिंक https://miceideas.org/registration/RCC पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं। शिविर से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए क्षेत्रीय कैंसर केंद्र, रायपुर के कार्यालय प्रशासक श्री पी. के. सोनी से मोबाइल नंबर +91 99267 81322 या ईमेल rccraipurcg@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।









