
*सेवा संकल्प अभियान*
*ग्राम पंचायत बस्ती और नगर पंचायत मरवाही में जनसेवा शिविर, 152 आवेदन प्राप्त, आवास की चाबी, स्वामित्व पट्टा, आयुष्मान एवं श्रम कार्ड का किया गया वितरण*
*कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण, कहा-हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, समस्याओं का हो त्वरित निराकरण*
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार‘ के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत बस्ती और नगर पंचायत मरवाही में जनसेवा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी मांगों और समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत मौके पर हितलाभ प्रदान किए।
ग्राम पंचायत बस्ती के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में आयोजित शिविर में बस्ती, बगरा, टिकरखुर्द, आमगांव, पूटा, लमना, कोटमी खुर्द, करगी खुर्द, उमरखोही, डुगरा एवं बेलपत ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। वहीं सद्भावना भवन मरवाही में आयोजित शिविर में नगरीय निकाय क्षेत्र के सभी 15 वार्डों के नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत बस्ती में आयोजित शिविर की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं और सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने से नागरिकों को अपनी मांग और समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने शिविर में वन, विद्युत, खाद्य, कृषि, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, उपलब्ध सेवाओं एवं हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने तथा राजस्व विभाग से संबंधित सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दोनों शिविरों में नागरिकों ने अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित कुल 152 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें ग्राम पंचायत बस्ती के शिविर में 89 तथा सद्भावना भवन मरवाही में 63 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपकर नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों की मांगों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायत आमगांव में कोटवार की नियुक्ति के लिए ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कराने तथा प्राथमिक शाला बगरा में शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी को दिए गए। आमगांव में उप स्वास्थ्य केंद्र तथा कोटमी-उमरखोही तक पहुंच मार्ग की मांग पर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
शिविर में कलेक्टर ने ग्रामीणों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए इसका लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि रूफटॉप सोलर को प्रोत्साहित करने वाली इस योजना के तहत पात्र आवासीय उपभोक्ताओं के लिए वित्तीय सहायता का प्रावधान है।
हितग्राहियों के हाथों में आवास की चाबी और योजनाओं का लाभ
जनसेवा शिविर की विशेषता यह रही कि नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर विभिन्न हितलाभ भी प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास पूर्ण कर चुके 5 हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप उनके आवास की चाबी प्रदान की गई। स्वामित्व योजना के तहत 22 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को चलने में सहायक छड़ी, 5 को चश्मे और 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही 7 हितग्राहियों को जॉब कार्ड तथा 6 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर को जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ते हुए 11 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 7 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। विभागीय दायित्वों के बेहतर निर्वहन एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेवा सेतु अभियान के इन शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर अनेक विभागों की उपस्थिति से ग्रामीणों एवं नगरीय क्षेत्र के नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रस्तुत करने और पात्रतानुसार हितलाभ प्राप्त करने की सुविधा मिली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा पैकरा एवं श्री पवन पैकरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।









