Ro no D15139/23

( कोरबा समाचार) धान की एक फसल से आगे बढ़कर वर्ष में दो से तीन फसलें ले रहे गुरुचरण मरार

 

 उद्यानिकी विभाग की सहायता से अपनाई ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्चिंग और उन्नत खेती
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम नगौई बछेरा निवासी किसान श्री गुरुचरण मरार पहले परंपरागत तरीके से धान की खेती करते थे। वर्ष में एक ही फसल लेने के कारण खेती से होने वाली आय सीमित थी। सिंचाई का साधन नहीं था और कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर व अन्य मशीनें किराये पर लानी पड़ती थीं। ऐसे में छह सदस्यीय परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन होता था।
गांव के भ्रमण के दौरान उद्यानिकी विभाग के कर्मचारियों ने श्री मरार को विभागीय योजनाओं और आधुनिक खेती की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी, नगौई में आवेदन किया। राष्ट्रीय बागवानी मिशन और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उन्हें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, प्लास्टिक मल्चिंग तथा ग्राफ्टेड बैंगन रोपण के लिए कुल 46 हजार रुपये का विभागीय अनुदान मिला।
इन संसाधनों और विभागीय मार्गदर्शन की मदद से श्री मरार ने खेती के तरीके में बदलाव किया। अब वे वर्ष में दो से तीन फसलें लेते हैं और वर्तमान में भिंडी की खेती से भी आय अर्जित कर रहे हैं। विभाग को दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी अनुमानित वार्षिक आय पहले लगभग 45 हजार रुपये थी, जो अब लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक पहुंच गई है। बढ़ी हुई आय से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। वे गांव के अन्य किसानों को भी खेती से जुड़ी जानकारी देते हैं।
श्री मरार कहते हैं कि उद्यानिकी विभाग से योजनाओं की जानकारी मिलने पर उनका आधुनिक खेती के प्रति उत्साह बढ़ा। वे आगे भी विभागीय मार्गदर्शन लेकर खेती करना चाहते हैं और मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त करते हैं।

कीचड़ भरे रास्ते से मिली राहत, डोंगानाला के बिरहोर परिवारों तक पहुँची पक्की सड़क
पीएम जनमन के अंतर्गत लगभग 167.20 लाख रुपये की लागत से अटल चौक से जंगल पारा तक बना 2.38 किलोमीटर मार्ग
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/विकासखंड पाली के दूरस्थ ग्राम डोंगानाला के जंगल पारा में रहने वाले बिरहोर परिवारों के लिए बारिश का मौसम बड़ी परेशानी लेकर आता था। अटल चौक से बस्ती तक जाने वाला कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता था। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था और बच्चे स्कूल जाने से कतराते थे। अब प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत बनी पक्की सड़क ने उनकी रोजमर्रा की यात्रा आसान कर दी है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अटल चौक से जंगल पारा तक लगभग 2.38 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 167.20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। मार्ग में सीसी सड़क के साथ डामर सड़क भी बनाई गई है। इससे बस्ती में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के लगभग 40 परिवारों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
बस्ती के सुनहर सिंह बिरहोर बताते हैं कि पक्की सड़क बनने से अब आने-जाने में आसानी होती है। गीता बाई के अनुसार उन्हें रास्ते में पहले जैसी परेशानी नहीं होती और बच्चे भी आसानी से स्कूल आ-जा सकते हैं। गाँव के किसान पुनो राम पटेल पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि बारिश में रास्ते पर घुटनों तक कीचड़ हो जाता था। अब पक्की सड़क बनने से उस परेशानी से राहत मिली है।
जंगल पारा के परिवारों के लिए यह सड़क स्कूल और आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने का सुगम रास्ता बन गई है। बारिश के दिनों में जिस मार्ग से गुजरना कठिन था, उसी पर अब ग्रामीण अधिक आसानी से आ-जा रहे हैं।

200 चूजों से संवरा जीवन, मुर्गी पालन ने प्रेम सिंह पैकरा को बनाया आत्मनिर्भर
कृषि और मजदूरी की सीमित आमदनी से आगे बढ़कर कुक्कुट पालन को बनाया मजबूत आजीविका का साधन
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/मेहनत करने के बावजूद जब आमदनी इतनी सीमित हो कि परिवार की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो, तब किसी नई आजीविका की शुरुआत जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है। ग्राम खैरा बहार, विकासखंड पाली निवासी 50 वर्षीय श्री प्रेम सिंह पैकरा के जीवन में भी ऐसा ही बदलाव छत्तीसगढ़ राज्य कुक्कुट पालन प्रोत्साहन योजना के माध्यम से आया। कभी पारंपरिक कृषि और मजदूरी पर निर्भर रहने वाले प्रेम सिंह आज कुक्कुट पालन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाकर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
योजना का लाभ मिलने से पहले प्रेम सिंह की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। कृषि और मजदूरी से होने वाली सीमित आमदनी से परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। परिवार कच्चे मकान में रहता था और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त आय के किसी स्थायी साधन की आवश्यकता महसूस होती थी।
इसी दौरान पशुधन विकास विभाग से उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कुक्कुट पालन प्रोत्साहन योजना की जानकारी मिली। योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा उन्हें 200 चूजे, 21 हजार 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा कुक्कुट पालन के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। विभागीय मार्गदर्शन और अपनी मेहनत से प्रेम सिंह ने कुक्कुट पालन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।
कुक्कुट पालन से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। जहां पहले उनकी वार्षिक आय लगभग 20 हजार रुपये थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 53 हजार रुपये हो गई है। कुक्कुट पालन से उन्हें नियमित रूप से नकद आमदनी प्राप्त होने लगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में आसानी होने लगी।
आय में वृद्धि का असर उनके जीवन स्तर पर भी दिखाई देने लगा। कभी कच्चे मकान में रहने वाले प्रेम सिंह ने अपनी मेहनत और कुक्कुट पालन से प्राप्त आय के सहारे अपने मकान को पक्का और सुसज्जित बनाया। बेहतर आवास के साथ परिवार की सामाजिक स्थिति में भी सुधार आया और भविष्य को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
प्रेम सिंह पैकरा बताते हैं कि “पहले कृषि और मजदूरी से परिवार चलाना मुश्किल होता था। कुक्कुट पालन योजना से चूजे, प्रोत्साहन राशि और जरूरी सामान मिला। मैंने मेहनत से इस काम को आगे बढ़ाया, जिससे मेरी आय बढ़ी और मैं अपने कच्चे मकान को पक्का बना सका। अब कुक्कुट पालन मेरे परिवार की आय का महत्वपूर्ण साधन बन गया है।”
प्रेम सिंह की यह कहानी बताती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ यदि सही मार्गदर्शन और मेहनत के साथ लिया जाए तो वह व्यक्ति की आर्थिक स्थिति बदलने का मजबूत माध्यम बन सकता है। पशुधन विकास विभाग की सहायता से शुरू हुआ कुक्कुट पालन आज उनके परिवार के लिए अतिरिक्त आय का जरिया ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर जीवन की नई राह बन गया है।
घर की देहरी तक पहुंचा स्वच्छ जल, आँचल यादव के परिवार की बदली दिनचर्या
गर्मी में पानी की चिंता से राहत, घर बैठे मिल रहा स्वच्छ पेयजल
घर में पानी पहुंचने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है रू-आँचल यादव
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की पहल से ग्रामीण परिवारों के लिए पानी की उपलब्धता आसान हो रही है। ग्राम कपोट, विकासखंड पाली की श्रीमती आँचल यादव के घर में जल जीवन मिशन के तहत टेपनल के माध्यम से पानी पहुंच रहा है। इससे रोजमर्रा के कामों के लिए पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है तथा परिवार को घर पर ही साफ-सुथरा पानी उपलब्ध हो रहा है।
श्रीमती आँचल यादव बताती हैं कि पहले गांव में पानी की व्यवस्था एक बड़ी चिंता बनी रहती थी। गर्मी के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती थी। घर से दूर जाकर पानी भरकर लाना पड़ता था, जिसमें काफी समय और मेहनत लगती थी। बरसात के दौरान पानी की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता रहती थी। शाम या रात में अचानक पेयजल की जरूरत पड़ने पर बाहर जाकर पानी लाना असुविधाजनक होता था।
वे अपने अनुभव के बारे में बताती हैं, “पहले पानी के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती थी और कई बार पानी लाने में काफी समय निकल जाता था। अब घर में ही टेपनल से पानी मिल रहा है। पीने और खाना बनाने के साथ निस्तारी के काम के लिए भी पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। जरूरत पड़ने पर रात में भी बाहर जाने की परेशानी नहीं रहती।”
घर तक स्वच्छ जल की उपलब्धता से परिवार को दूषित पानी के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिली है। पहले बरसात के मौसम में डायरिया जैसी बीमारियों को लेकर चिंता बनी रहती थी। अब साफ पानी मिलने से परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य को लेकर संतोष बढ़ा है। पानी लाने में खर्च होने वाला समय बचने से घरेलू कार्यों को पूरा करने के लिए भी अधिक सुविधा मिल रही है।
श्रीमती आँचल यादव जल जीवन मिशन की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय  के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहती हैं, “सरकार की इस योजना से हमारे घर तक पानी पहुंचा है। अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता और रोज के काम आसानी से हो जाते हैं। स्वच्छ पानी की सुविधा मिलने से परिवार को बहुत राहत मिली है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करती हूं।”

 ’सिलाई का हुनर बना कमाई का जरिया, अंत्योदय योजना से मनीषा हुईं आत्मनिर्भर’
“’सिलाई का काम आता था, योजना से अपने काम को शुरू करने का मौका मिला” – मनीषा’
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/अंत्योदय स्वरोजगार योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस सहयोग से अपने हुनर के आधार पर काम शुरू करने की इच्छा रखने वाले लोगों को घर से ही आय का साधन विकसित करने का अवसर मिल रहा है। कोरबा जिले के रजगामार की मनीषा ने इसी योजना का लाभ लेकर अपने सिलाई के हुनर को स्वरोजगार में बदल लिया है।
मनीषा सिलाई का काम जानती थीं और लंबे समय से घर पर ही सिलाई सेंटर शुरू करना चाहती थीं। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण यह इच्छा पूरी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान उन्हें अंत्यावसायी विभाग के माध्यम से संचालित अंत्योदय स्वरोजगार योजना की जानकारी मिली। कार्यालय से योजना की पात्रता, ऋण एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद उन्होंने आवेदन किया।
योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। साथ ही शासकीय अनुदान के तहत 10 हजार का छूट भी उन्हें प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने सिलाई मशीन लेकर घर पर ही अपना काम शुरू किया। अब वे सिलाई के साथ कढ़ाई और पीको-फॉल का काम भी करती हैं। गांव के लोग नियमित रूप से कपड़े सिलवाने के लिए उनके पास आते हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 5 से 7 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
मनीषा अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “मैं पहले से सिलाई का काम जानती थी और अपना सिलाई सेंटर शुरू करना चाहती थी, लेकिन आर्थिक स्थिति के कारण शुरुआत नहीं कर पा रही थी। योजना की जानकारी मिलने के बाद आवेदन किया और ऋण से सिलाई मशीन लेकर काम शुरू किया। अब घर पर ही काम मिल रहा है और हर महीने आमदनी भी हो रही है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को संभालने में मदद मिल रही है।”
घर से शुरू हुए इस काम ने मनीषा को अपनी आय का साधन दिया है। नियमित ग्राहकों के मिलने से उनका काम आगे बढ़ रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी पहले की अपेक्षा सुदृढ़ हो रही है। मनीषा ने स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

’महतारी वंदन योजना से सुनीता के परिवार को मिला आर्थिक संबल, घर की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में मिल रही मदद
कोरबा  01 अक्टूबर 2026/घर की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालना हर परिवार की प्राथमिकता होती है। सीमित आर्थिक संसाधनों में इन जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए महिलाओं को कई बार छोटे-बड़े खर्चों के लिए भी सोच-समझकर व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे समय में हर महीने मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता परिवार के बजट को संभालने में महत्वपूर्ण सहयोग देती है।
करतला विकासखंड के ग्राम सोहागपुर निवासी श्रीमती सुनीता कंवर, पति श्री शिरोमणी कंवर के परिवार को महतारी वंदन योजना के माध्यम से ऐसा ही आर्थिक सहारा मिल रहा है। योजना का लाभ मिलने से पहले घरेलू जरूरतों और बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार व्यवस्थित करना पड़ता था। घर के आवश्यक खर्चों के साथ बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने के लिए आर्थिक प्रबंधन करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सुनीता कंवर के बैंक खाते में हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वह घर की आवश्यक जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्चों में कर रही हैं। नियमित सहायता मिलने से घरेलू बजट को व्यवस्थित करने में उन्हें सुविधा मिली है और बच्चों की पढ़ाई की जरूरतों को पूरा करने में भी सहयोग प्राप्त हो रहा है।
सुनीता कंवर अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं, “हर महीने खाते में एक हजार रुपये की राशि आती है। इस राशि से घर की जरूरी चीजों और बच्चों की पढ़ाई के खर्च में मदद मिलती है। नियमित रूप से राशि मिलने से घर का खर्च संभालने में सुविधा होती है और मुझे आर्थिक सहारा मिलता है।”
सुनीता कंवर ने महतारी वंदन योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए शुरू की गई इस योजना से हमें अपनी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देती हूं।”

 

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सीपेट स्याहीमुड़ी में सेवा फर्स्ट इनोवेशन  चैलेंज  2026 का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जागरूकता सत्र अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन  चैलेंज  2026 का जागरूकता कार्यक्रम आज सीपेट, स्याहीमुडी, कोरबा में आयोजित किया गया। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज हेतु आवेदन की प्रक्रिया एवं पंजीयन के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों के द्वारा दिया गया।

उक्त सेवा संकल्प अभियान जागरूकता कार्यक्रम में केन्द्रीय पेट्रोरसायन इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट) स्याहीमुडी, कोरबा के 120 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत पीजी कॉलेज में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/भारत सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जागरूकता सत्र अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आज इंजीनियरिंग पीजी कॉलेज कोरबा में आयोजित किया गया। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज हेतु आवेदन की प्रक्रिया एवं पंजीयन के साथ-साथ सेवा संकल्प अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी उद्योग विभाग, कोरबा के अधिकारियों के द्वारा दिया गया।
उक्त सेवा संकल्प अभियान जागरूकता कार्यक्रम में इंजीनियरिंग पीजी कॉलेज के 110 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की सहभागिता रही।

दूरस्थ ग्राम लामपहाड़ में आंगन मिलन उत्सव आयोजित
गोद भराई, अन्नप्राशन और पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से दिया सुपोषण का संदेश
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कोरबा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लामपहाड़ में आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरबा समुदाय की महिलाओं और बच्चों ने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में गोद भराई के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच का महत्व बताया गया। अन्नप्राशन के अवसर पर अभिभावकों को बच्चों की उम्र के अनुरूप पूरक आहार देने की जानकारी दी गई। पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार तैयार करने के तरीके दिखाए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया।
स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद और न्योता भोज कार्यक्रम के आकर्षण रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर स्वच्छता तथा बच्चों की देखभाल के संबंध में जानकारी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुशीला तिर्की और सहायिका श्रीमती सुलोचनी यादव ने पहाड़ी कोरबा परिवारों की माताओं को बच्चों के सुपोषण और आंगनबाड़ी सेवाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्री भुकेश्वर पैकरा, बरगांव से आए जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की गई।
सेवा संकल्प अभियान के तहत दीपका एवं छुरी कला में विशेष शिविर आज

कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आम नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगरीय निकाय एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में 01 अक्टूबर से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहें।
इसी क्रम में 02 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद दीपका कार्यालय एवं नगर पंचायत छुरीकला अंतर्गत बस स्टैंड छुरी के समीप शिविर आयोजित किए जाएंगे। आम नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठायें।

 जिला कोरबा के मेडिकल स्टोर्स में औषधि विभाग की कार्यवाही
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/
नियत्रंक खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं जिला दंडाधिकारी के दिये गये निर्देश के परिपालन में माह सितंबर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन औषधि विभाग कोरबा के औषधि निरीक्षको के द्वारा कोरबा नगर निगम क्षेत्र, कटघोरा ब्लाक, दीपका एवं हरदी बाजार क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर्स में औषधियों की गुणवत्ता, खरीदी बिक्री और बिना प्रिस्क्रीपसन  के नारकोटिक औषधियों के पूर्णतः प्रतिबंधित औषधियों के व्यापार पर नियंत्रण हेतु निरीक्षण की कार्यवाही की गई।
औचक निरीक्षण की कार्यवाही में हरदी बाजार स्थित मेसर्स शर्मा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स मां संतोषी मेडिकल स्टोर्स, कटघोरा स्थित मेसर्स गोपाल मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स महादेव एंजेसी, मेसर्स याका मेडिकल स्टोर्स कोरबा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मेसर्स आर.व्ही एंटरप्राइजेस, मेसर्स गरीमा मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स अभिषेक मेडिकल, मेसर्स मेडीसीन कार्नर, मेसर्स महामाया मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स सपना मेडीकल स्टोर्स एनटीपीसी हास्पीटल कैंपस, मेसर्स वर्षा केमिस्ट जेलगांव, मेसर्स साहू मेडिकोज दर्री, मेसर्स हनुमान मेडिकल स्टोर्स जेलगांव, मेसर्स सर्वमंगला मेडिकल जेलगांव एवं मेसर्स विभोर फार्मा पोंड़ी उपरोड़ा ब्लाक स्थित मेसर्स पीएम जन औषधि, करतला ब्लॉक स्थित मेसर्स पारस मेडिकल स्टोर्स, मेसर्स लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स में नारकोटिक दवाआंे, शेड्युल एच, एच 1 एवं अन्य औषधि नियमावली के अनियमितताओं के संबंध में जांच  किया गया। उक्त जांच के दौरान 05 मेडिकल स्टोर्स के संचालक के द्वारा  औषधियों  के क्रय-विक्रय अभिलेख मौके पर प्रस्तुत करने मे असमर्थ रहे।  उक्त दुकानों को कारण बताओ सूचना पत्र का नोटिस दिया जायेगा। संतोषप्रद जवाब नही पाये जाने पर विभाग द्वारा औषधि एवं प्रसाधन सामाग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत के अनुज्ञप्ति के निलंबन अथवा निरस्तीकरण कार्यवाही की जायेगी। उक्त कार्यवाही के दौरान औषधि निरीक्षक श्री सुनील सांडे, पोंड़ीउपरोड़ा क्षेत्र के श्री विरेन्द्र भगत एवं कटघोरा क्षेत्र के औषधि निरीक्षक श्री रिषी साहू औषधि विभाग की टीम उपस्थित थे।
माह सितंबर में निरीक्षण के दौरान औषधि गुणवत्ता जांच हेतु मेसर्स मोदी फार्मा, दर्री रोड, पोंड़ीउपरोड़ा ब्लॉक स्थित मेसर्स आकाश मेडिकल स्टोर्स , दीपका क्षेत्र स्थित मेसर्स लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स प्रगति नगर से एंटीबायोटिक, पेनकिलर एवं विटामिन संबधित औषधियांे का प्रयोगशाला जांच हेतु नमूना संकलन किया गया।
किये गये निरीक्षण के अनुसार, मेसर्स सोना मेडिकल स्टोर्स बतारी हरदी बाजार, मेसर्स साहू मेडिकोज दर्री, मेसर्स सपना मेडीकल स्टोर्स एनटीपीसी हास्पीटल कैंपस, मेसर्स वर्षा केमिस्ट जेलगांव, मेसर्स हनुमान मेडिकल स्टोर्स जेलगांव, को शेड्यल एच और अन्य दवाओ की खरीदी बिक्री से संबधित दस्तावेजों अनियमितताओं के कारण कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। एवं मेसर्स धनंवंतरी मेडिकल स्टोर्स, पुराना बस स्टैंड का औषधि अनुज्ञप्ति का निलंबन किया गया।
ज्ञात हो कि औषधि नियम के अनुसार नशे के रूप दुरूपयोग होने वाली औषधियों को बिना प्रिस्क्रीपसन के बिक्री किया जाना पूर्णरूपेण प्रतिबंधित है। जिले में संचालित मेंडिकल स्टोर्स में औषधियों की गुणवत्ता, खरीदी ब्रिकी, दस्तावेजो के सत्यापन एवं नशीली दवाओं के अवैध विक्रय में नियंत्रण हेतु सघन निरीक्षण प्रतिमाह किया जा रहा है।
जिले के समस्त ब्लाकों के मेडिेकल स्टोर्स के आगामी समय में इसी प्रकार जिला प्रशासन के साथ, औषधि विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा सयुक्त रूप से चरणबद्व तरिकों से कार्यवाही की जावेगी। ताकि जनसाधरण केा गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित औषधियो उपलब्ध हो सके सभी मेडिकल संचालको को निर्देशित किया गया है कि दवाइयों की खरीदी बिक्री से संबधित समस्त दस्तावेजो को नियमानुसार संधारण करे और केवल मानक और प्रमाणित दवाओ की बिक्री करे साथ ही शेडृयूल एच, नार्काटिक दवाए और एमटीपी किट जैसी औषधियो का विक्रय केवल पंजीकृत डाक्टर के प्रस्क्रिप्शन पर ही करे।

युवा रत्न सम्मान योजना अंतर्गत युवाओं से आवेदन आमंत्रित
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन,खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिले के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा सामाजिक,सांस्कृतिक,साहित्यिक,शैक्षणिक,खेल तथा अन्य विविध क्षेत्रों में किये गये उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राज्य स्तर पर मान्यता प्रदान करने के उद्येश्य से युवा रत्न सम्मान योजना संचालित किया जा रहा है।
योजना अंतर्गत 01 स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में 01-01 उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किया जायेगा, जिसमें स्वैच्छिक संगठन को पदक,शाल,प्रशस्ति प्रमाण एवं सम्मान स्वरुप पांच लाख रुपये तथा छत्तीसगढ़ युवा रत्न से सम्मानित युवा को दो लाख पचास हजार एवं अन्य युवा रत्न सम्मान हेतु चयनित युवा को एक लाख की राशि के साथ पदक,शाल,प्रमाण पत्र प्रदाय किया जायेगा।
युवा रत्न सम्मान योजना अंतर्गत पात्र युवाओं से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित हैं,जिन्हे जिला स्तरीय चयन समिति से परीक्षण उपरांत अनुशंसित किया जाकर राज्य स्तरीय चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा। राज्य स्तरीय चयन समिति के परीक्षण उपरांत युवाओं का चयन किया जायेगा।
जिले के पात्र स्वैच्छिक संगठन एवं युवा अपने प्रमाण पत्रों सहित अपना आवेदन कार्यालयीन अवधि में जिला खेल एवं युवा कल्याण कोरबा में जमा कर सकते हैं।

सिंघिया में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मिले 436 आवेदन, 92 का निराकरण
प्रधानमंत्री आवास की चाबी और प्रमाण पत्र वितरित, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी

कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिंघिया स्थित हाई स्कूल मैदान में आज विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 436 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 92 का निराकरण किया गया। शेष 344 आवेदन संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई के लिए भेजे गए।
शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चंद जाखड़, सरपंच संघ अध्यक्ष श्री प्रताप मरावी, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण मरकाम, जनपद सदस्य श्रीमती सरस्वती जायसवाल, श्री चतुर भुवन नायक एवं श्री कन्हैया चौहान तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री मनोज कुमार बंजारे की उपस्थिति में हुआ।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री खगेश निर्मलकर ने शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर अधिकारियों को अपनी मांग और समस्याओं से संबंधित आवेदन देने तथा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। अतिथियों ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी तथा जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र प्रदान किए। राजस्व संबंधी प्रकरणों पर भी कार्रवाई की गई। कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, वन और खाद्य विभाग के स्टॉलों पर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

सेवा सेतु शिविर में कचरबाई और सदानंद को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबी
कच्चे मकान की परेशानियों से मिली राहत, पक्का घर पाकर जताई खुशी
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सिंघिया में आज आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्राम लखनपुर निवासी सदानंद, पिता बलभद्र प्रसाद, और कचरबाई, पति तीज राम, को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान की गई। पक्के घर की चाबी पाकर दोनों हितग्राहियों ने खुशी जताई।

सदानंद और कचरबाई ने बताया कि वे वर्षों से कच्चे मकान में रह रही थीं। बारिश के दिनों में खपरैल की छत से पानी टपकता था, जिससे घर में रहना मुश्किल हो जाता था। अन्य मौसम में भी उन्हें परेशानी होती थी। अब पक्का आवास मिलने से उन्हें इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
शिविर में बिसाहू सिंह सहित अन्य को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। हितग्राहियों ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु शिविर में पीएम आवास की चाबी मिलने से खुशी जताते हुए कहा कि आने वाले समय मे अब पक्के मकान में खुशियां भी पक्की होगी।

अजगरबहार सेवा सेतु शिविर में 107 आवेदन प्राप्त, 66 का मौके पर निराकरण
पेंशन स्वीकृति आदेश, आयुष्मान कार्ड, फूड बास्केट और अन्य योजनाओं के लाभ हितग्राहियों को प्रदान किए गए
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत अजगरबहार में आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को शासन की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में मांग और शिकायत से संबंधित कुल 107 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 66 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष 41 आवेदन आगे की कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर में विभिन्न विभागों ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। जनपद पंचायत कोरबा की ओर से ग्राम सोनपुर की शुकवारा बाई, प्रेमसाय और कौशिल्या बाई/दौलतराम सहित तीन हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी के चार मरीजों को फूड बास्केट और पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने तीन महिलाओं की गोदभराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत दो दीदियों को डेमो चेक और लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राजस्व विभाग ने किसानों को किसान किताब तथा पात्र हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, श्रम, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पशुधन विकास तथा मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विषय में भी जानकारी साझा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार राय और तहसीलदार श्री बजरंग साहू ने शिविर में रक्तदान किया।

 सैला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में मिले 133 आवेदन, 70 का हुआ निराकरण
ग्रामीणों को किसान किताब, अधिकार अभिलेख, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सैला स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आज विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों से कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 का निराकरण किया गया। शेष 63 आवेदन आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजे गए।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 23 हितग्राहियों को किसान किताब, 13 को बी-1 एवं खसरा तथा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 22 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और तीन को वय वंदन कार्ड प्रदान किए। शिक्षा विभाग द्वारा पांच बच्चों को जाति प्रमाण पत्र दिए गए।
उद्यानिकी विभाग ने पांच हितग्राहियों को सब्जी मिनी किट प्रदान किए तथा 150 पौधों का वितरण किया। जनपद पंचायत पाली की ओर से दो हितग्राहियों को छड़ी और तीन को श्रवण यंत्र दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से चार समूहों को चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया।
शिविर में जिला पंचायत सभापति श्रीमती माया रूपेश कंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिलहरण कश्यप, जनपद सदस्य श्री धर्मेंद्र राज, श्री बृजेश यादव, श्री विपिन कौशिक, श्री कमल बरेठ, श्री कृष्णा यदु, श्री कीर्ति कश्यप, श्री कामता जायसवाल, श्री गणेश चौहान सहित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच उपस्थित रहे। जनपद पंचायत पाली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मोहनीश आनंद देवांगन, तहसीलदार श्री भूषण मंडावी और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहे।

सेवा सेतु शिविर में 12 स्कूली बच्चों को मिले जाति प्रमाण पत्र
पाली के सैला में आयोजित शिविर में शिक्षा विभाग को मिले 198 आवेदन
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत सैला में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 12 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर स्थल पर अतिथियों के हाथों प्रमाण पत्र पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए।
प्रमाण पत्र पाने वालों में पीएम श्री विद्यालय सैला के पांच विद्यार्थी सृष्टि कंवर, भव्यांश, मोनल, गर्भित पैकरा और नैनसी मरकाम शामिल हैं। पूर्व माध्यमिक शाला सैला के सात विद्यार्थियों नैनसी, आशमा, प्रकृति, प्रियांशु, भावना, वेदिका और समिलि को भी प्रमाण पत्र दिए गए।
शिविर में शिक्षा विभाग को जाति प्रमाण पत्र के लिए कुल 198 आवेदन प्राप्त हुए। एक ही स्थान पर आवेदन की सुविधा और बच्चों को प्रमाण पत्र वितरण से सेवा सेतु शिविर की उपयोगिता सामने आई।

 

स्वच्छता ही सेवा’ के संदेश के साथ दीपका के पुष्प वाटिका में किया गया श्रमदान
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र अंतर्गत पुष्प वाटिका में विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।
श्रमदान कार्यक्रम में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आमजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर पुष्प वाटिका परिसर की साफ-सफाई की तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया। इस दौरान स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी, पार्षद संतोष निराला, इंजीनियर नारायण आदित्य सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही दीपका को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित यह श्रमदान कार्यक्रम नागरिक सहभागिता और स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश देता नजर आया।

दीपका में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाया, 62 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/नगर पालिका परिषद दीपका ने आज कटघोरा रोड से बजरंग चौक तक सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक मार्ग और यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाए गए। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर कुल 62 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
अभियान में तहसीलदार दीपका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, थाना प्रभारी, उप अभियंता, राजस्व प्रभारी, नगर पालिका के कर्मचारी और पुलिस बल उपस्थित रहे।
पालिका प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

 

राज्य में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में, राज्य में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीकरण हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। यह कार्य बीएलओ द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाएगा।
नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से यह सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना पंजीकरण विधिवत सुनिश्चित करें।
मतदाता सूची में अपना पंजीकरण करने के लिए  ECINET    मोबाइल एप्प  या वेबसाइट https://voters.eci.gov.in  के माध्यम से  फॉर्म 6 में ऑनलाईन आवेदन भी किया जा सकता है।

 सेवा यात्रा बाइक रैली का कोरबा जिले में भव्य स्वागत

कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा यात्रा बाइक रैली आज कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र पसान पहुंची। जिले में प्रवेश पर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने रैली का भव्य स्वागत किया। माथे पर तिलक लगाई गई। बाइक रैली में शामिल युवाओं में उत्साह देखा गया। यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी और विभिन्न स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लिया। रैली रात में कटघोरा पहुँची।
2 अक्टूबर को सुबह 6.30 बजे रैली में शामिल जनप्रतिनिधि वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 9.15 बजे पोड़ी-उपरोड़ा के केंद्रीय आश्रम में सेवा कार्य और संतों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
पसान में स्वागत करने वाले में रायपुर से दीक्षा अग्रवाल, पूर्व विधायक श्री अवधेश चंदेल,  श्री हिमांशु पांडेय, तुषार साहू, श्री पीयूष अग्रवाल और श्री लेखराम यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
 

सेवा संकल्प अभियान के तहत 15 स्थलों पर होंगे नुक्कड़ नाटक
3 और 6 अक्टूबर को विद्यालयों में किया जाएगा आयोजन
कोरबा, 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के निर्धारित विद्यालयों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को आठ और 6 अक्टूबर को सात स्थलों पर कार्यक्रम होंगे।
3 अक्टूबर को पीएमश्री सेजेस बालको, करतला, तिलकेजा एवं पोड़ी-उपरोड़ा, सेजेस अंग्रेजी माध्यम पाली, सेजेस कन्या साड़ा तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भैसमा एवं सरगबुंदिया में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।
6 अक्टूबर को सेजेस एनसीडीसी कोरबा, सेजेस कटघोरा, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर एवं कन्या कटघोरा, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेन्द्रीपाली, सेजेस हिन्दी माध्यम मुनगाडीह तथा पीएमश्री सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा में आयोजन होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित संस्थाओं को निर्धारित तिथियों और स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
 

सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं के साथ कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के आतिथ्य में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस
वृद्धजनों का अनुभव और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का आधार रू कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल
शॉल-श्रीफल से वृद्धजनों का किया गया अभिनंदन, दीर्घायु जीवन के लिए दी गई  शुभकामनाएं
वृद्धजनों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों का हुआ वितरण
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/
वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में राजीव गांधी इंडोर  ऑडोटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ वंदन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम में वरिष्ठजनों एवं वृद्धजनों को शॉल , श्रीफल,  पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित करते हुए सभी को वृद्ध जन दिवस की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति नगर निगम श्री नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, श्री गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह,  अध्यक्ष सियान सदन श्री जे के तिवारी, श्री अजय चंद्रा,  श्री योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि माता-पिता तुल्य वृद्धजनों का सम्मान करना गर्व की बात है। उनका सम्मान करना हम सबका दायित्व है। वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक एवं अमूल्य संस्कृति के धरोहर है। उनके मार्गदर्शन में ही हम सब आगे बढ़ते है। उनका आशीर्वाद बहुमूल्य धन है। इनका देखभाल सरकार और समाज दोनों की ही जिम्मेदारी है। वृद्धजनों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि  सरकार द्वारा वृद्धजनों हेतु अनेक लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही जिले में उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी कार्य किए गए हैं। डीएमएफ से वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। नगर के सियान सदन में वृद्धजनों की सहूलियत हेतु वातानुकुलित एसी सहित अन्य सुविधा भी सुनिश्चित की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर  सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के  विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने का कार्य छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। वृद्धजनों को  वृद्धापेंशन से सामाजिक सुरक्षा, व्यवन्दन कार्ड से निःशुल्क स्वास्थ्य इलाज का लाभ दिया जा रहा है।
श्री देवांगन ने बताया कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत, डामरीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
विधायक कटघोरा श्री पटेल ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों की समृद्ध पूंजी हैं। समाज के निर्माण और विकास में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। वे एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेनी चाहिए। बुजुर्गों ने अपने बच्चों और समाज के भविष्य के लिए पूरा जीवन समर्पित किया है, इसलिए उनके बेहतर स्वास्थ्य, खान-पान और देखभाल के साथ उन्हें परिवार में सम्मान, स्नेह और अपनापन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम युवा हैं, लेकिन समय के साथ हम भी इसी अवस्था में पहुंचेंगे। जनप्रतिनिधि के रूप में वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन हमें सही दिशा प्रदान करता है। आज का दिन उनके अधिकारों, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज के लिए अनुभव, ज्ञान और संस्कारों का महत्वपूर्ण आधार हैं। माता-पिता और बुजुर्ग अपने बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और संस्कारों के लिए पूरा जीवन समर्पित करते हैं। परिवार में बच्चों को जीवन की पहली सीख और संस्कार भी उन्हीं से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। परिवार में बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और अपनापन मिलने से आपसी प्रेम, संस्कार और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
श्री गोपाल मोदी ने कहा कि वृद्धजन दिवस केवल एक दिन वृद्धजनों के सम्मान तक सीमित नहीं है, यह हमें हर दिन उनके प्रति सम्मान, स्नेह और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश देता है। हमारे बुजुर्ग अपनी जीवनभर की सीख और अनुभव से नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेकर उनके प्रति सम्मान और सेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज के लिए अनुभव और ज्ञान का समृद्ध स्रोत हैं। उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। वृद्धजनों के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। माता-पिता और वृद्धजनों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। यह हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों की विशेषता है कि आज भी बच्चे अपने माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करते हैं। उन्होंने सभी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार श्रवण यंत्र एवं वॉकिंग स्टिक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया तथा स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
 

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों के चेहरे पर आई मुस्कान, सम्मान के साथ मिले सहायक उपकरण
श्रवण यंत्र और छड़ी पाकर कमला बाई के चेहरे पर खिली मुस्कान
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’  पहल के अंतर्गत आज टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम, कोरबा में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं वृद्धजनों का सम्मान करते हुए जरूरतमंदों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्नेह सदन, कोरबा में निवासरत वृद्ध कमला बाई को सम्मानित किया गया। उन्हें श्रवण यंत्र एवं छड़ी प्रदान की गई। सहायक उपकरण प्राप्त होने पर कमला बाई के चेहरे पर खुशी और संतोष की मुस्कान दिखाई दी। कमला बाई ने बताया कि उन्हें ऊंचा सुनाई देता था, जिसके कारण दैनिक जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। श्रवण यंत्र मिलने से अब उन्हें बेहतर ढंग से सुनने में मदद मिलेगी। वहीं, छड़ी उनके आवागमन में सहायक होगी और उनका दैनिक जीवन पहले की अपेक्षा अधिक सहज होगा।
सहायक उपकरण मिलने पर कमला बाई ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन, कोरबा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय मिली यह सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी है और इससे उनके जीवन में सहजता एवं आत्मविश्वास बढ़ा है।

 हसदेव बांयी तट नहर के मरम्मत कार्य को लेकर जल संसाधन विभाग ने की स्थिति स्पष्ट
सुनालिया पुल से आगे जर्जर नहर की मरम्मत के लिए पुनः निविदा प्रक्रिया जारी
हसदेव बांयी तट नहर के क्षतिग्रस्त पैनल की होगी पुनः मरम्मत, गुणवत्ता की भी होगी जांच
कोरबा 01 अक्टूबर 2026/दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित सुनालिया पुल से आगे जर्जर नहर की मरम्मत, जीर्णाेद्धार एवं आधुनिकीकरण कार्य  के संबंध में कार्यपालन अभियंता, हसदेव बराज जल प्रबंध संभाग रामपुर/कोरबा द्वारा स्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग द्वारा बताया गया कि हसदेव बांयी तट नहर आर.डी. 4.45 कि.मी. से 9.65 कि.मी. तक नहर के मरम्मत, जीर्णाेद्धार एवं आधुनिकीकरण का कार्य अनुबंध के माध्यम से मेसर्स विष्णु प्रसाद अग्रवाल, बिलासपुर को आबंटित है। इसके अंतर्गत आर.डी. 5700 मीटर के बांयी तरफ नहर का पैनल क्षतिग्रस्त हुआ है।
विभाग के अनुसार नहर में सी.सी. लाइनिंग का कार्य गुणवत्तापूर्ण कराया गया है। जिस स्थान पर पैनल क्षतिग्रस्त हुआ है, वहां नहर गहरी कटाई ( Deep Cutting    ) में है। भारी वर्षा के कारण पानी सी.सी. लाइनिंग के कोपिंग से पैनल के अंदर चला गया, जिससे पैनल क्षतिग्रस्त हुआ है। नहर का मरम्मत कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है। वर्षा के कारण जिन स्थानों पर स्लैब टूटे हैं, उन्हें तोड़कर पुनः निर्माण कराने के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। साथ ही कार्य की गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी।
विभाग द्वारा यह भी बताया गया कि सुनालिया पुल से आगे की जर्जर नहर के मरम्मत कार्य के लिए चार बार निविदा आमंत्रित की गई थी। पात्र निविदाकार नहीं आने के कारण निविदा निरस्त हुई। अब कार्य को दो भागों में विभाजित कर पुनः निविदा आमंत्रण की कार्यवाही की जा रही है। अनुबंध होने के उपरांत क्षतिग्रस्त नहर के मरम्मत कार्य को शीघ्र कराया जाएगा।

  • Related Posts

    (अम्बिकापुर समाचार) कम समय, कम खर्च और आसान प्रक्रिया-साविता ने महसूस किया पंजीयन सेवाओं में बदलाव महिलाओं को पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की राहत, रजिस्ट्री के साथ नामांतरण भी हुआ आसान एक ही प्रक्रिया में पंजीयन, तत्काल नामांतरण और मोबाइल पर मिली रजिस्ट्री की प्रति

    अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/    कभी संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए अधिक समय लगना और उसके बाद नामांतरण के लिए अलग से प्रक्रिया पूरी करना नागरिकों के लिए परेशानी का…

    Read more

    ’’स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत दरिमा में विविध स्वच्छता गतिविधियां आयोजित

    अम्बिकापुर 01 अक्टूबर 2026/   ’’स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत गुरुवार को जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत “एक…

    Read more

    NATIONAL

    मलाइका से काजल राघवानी तक तेजू भैया के फैन, परिवार-पार्टी से हुए बाहर, अब सहवाग के शो में छाए… रियलिटी शो से कैसे बने ‘कमबैक किंग’?

    मलाइका से काजल राघवानी तक तेजू भैया के फैन, परिवार-पार्टी से हुए बाहर, अब सहवाग के शो में छाए… रियलिटी शो से कैसे बने ‘कमबैक किंग’?

    174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को पीएम मोदी-नेतन्याहू का सलाम, बोले- ‘हीरो हैं’

    174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को पीएम मोदी-नेतन्याहू का सलाम, बोले- ‘हीरो हैं’

    ट्रंप का दावा- अमेरिका ने की होर्मुज स्ट्रेट से तेल की रिकॉर्डतोड़ निकासी

    ट्रंप का दावा- अमेरिका ने की होर्मुज स्ट्रेट से तेल की रिकॉर्डतोड़ निकासी

    डोनाल्ड ट्रंप ने सुंदर पिचाई को कहा- ‘मॉन्स्टर’, गूगल सीईओ ने ऐसे किया रिएक्ट

    डोनाल्ड ट्रंप ने सुंदर पिचाई को कहा- ‘मॉन्स्टर’, गूगल सीईओ ने ऐसे किया रिएक्ट

    उपचुनाव के लिए वोटिंग से पहले बोले शुभेंदु अधिकारी- मैं नंदीग्राम का वोटर, मुख्यमंत्री के साथ रहेगी जनता

    उपचुनाव के लिए वोटिंग से पहले बोले शुभेंदु अधिकारी- मैं नंदीग्राम का वोटर, मुख्यमंत्री के साथ रहेगी जनता

    नीतीश कुमार के INDIA ब्लॉक छोड़ने पर CWC में मतभेद, सोनिया गांधी और दिग्विजय सिंह की राय अलग

    नीतीश कुमार के INDIA ब्लॉक छोड़ने पर CWC में मतभेद, सोनिया गांधी और दिग्विजय सिंह की राय अलग