
ग्रामीण रोजगार योजना से बनी डबरी में सहेजा जा रहा बारिश का पानी, 9 किलो मछली बीज डालकर शुरू किया मछली पालन
डबरी के पानी से सब्जी-भाजी की खेती भी कर रहा परिवार, एक ही संसाधन से आजीविका के दो अवसर
अम्बिकापुर 04 अक्टूबर 2026/ बारिश का जो पानी पहले बहकर निकल जाता था, अब वही पानी डबरी में सहेजा जा रहा है और परिवार की आजीविका का सहारा बन रहा है। ग्रामीण रोजगार योजना के तहत समय लाल बड़ा के नाम से निर्मित आजीविका डबरी ने परिवार के लिए मछली पालन के साथ सब्जी उत्पादन की राह भी खोली है। डबरी में संचित पानी का उपयोग कर परिवार अब उपलब्ध जल संसाधन को आय से जोड़ रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामने आई बदलाव की इस कहानी में लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लोसगा के रहने वाले कनी लाल बड़ा बताते हैं कि उनके पिता समय लाल बड़ा के नाम से आजीविका के तहत डबरी का निर्माण कराया गया है। आजिविका डबरी तैयार होने के बाद इसमें 9 किलो मछली बीज डाला गया है। मछलियां तैयार होने पर उनकी बिक्री से परिवार को अतिरिक्त आमदनी मिलेगी।
’पानी सहेजा तो खेती के लिए भी मिली सुविधा’
कनी लाल बताते हैं कि पहले बरसात का पानी बिना किसी उपयोग के बह जाता था। डबरी बनने के बाद बारिश का पानी इसमें एकत्रित होने लगा है। अब इसी संचित पानी का उपयोग परिवार सब्जी-भाजी उगाने में कर रहा है। इससे डबरी केवल मछली पालन का साधन न रहकर खेती के लिए भी उपयोगी जल स्रोत बन गई है।
मछली पालन और सब्जी उत्पादन को एक साथ जोड़ने से परिवार को एक ही परिसंपत्ति से दोहरा लाभ मिलने की संभावना बनी है। मछलियों के तैयार होने पर बिक्री से आय होगी, वहीं डबरी में उपलब्ध पानी से सब्जी उत्पादन में मदद मिलने से परिवार की आजीविका को अतिरिक्त आधार मिला है।
’जल संरक्षण से आय संवर्धन की ओर बढ़े कदम’
ग्रामीण रोजगार योजना के तहत निर्मित आजीविका डबरी ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की परिसंपत्तियों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर परिवारों के लिए आय के नए साधन तैयार किए जा सकते हैं। बरसाती पानी का संरक्षण, मछली पालन और सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियां परिवार को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का अवसर दे रही हैं।
कनी लाल बड़ा ने डबरी निर्माण से मिले लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि डबरी बनने से परिवार को मछली पालन के साथ सब्जी-भाजी उत्पादन की सुविधा मिली है और आने वाले समय में इससे आय बढ़ने की भी उम्मीद है।









