
कम परिवहन खर्च से सब्जी व्यवसाय में मिली राहत, मंडी से सामान लाना भी हुआ आसान
अम्बिकापुर 04 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने ग्रामीण क्षेत्र के छोटे व्यवसायियों के लिए बाजार और मंडी तक पहुंच आसान करने के साथ आवागमन का खर्च भी कम किया है। कल्याणपुर क्षेत्र के सब्जी विक्रेता अमोली के लिए इस योजना का सबसे बड़ा लाभ किराये में हुई बचत है। पहले जिस सफर के लिए उन्हें 50 से 60 रुपए तक किराया देना पड़ता था, अब ग्रामीण बस सेवा से वही सफर करीब 30 रुपए में हो रहा है।
श्री अमोली कल्याणपुर में फूलझर नाला के पास सब्जी बेचकर आजीविका चलाते हैं। व्यवसाय के लिए उन्हें नियमित रूप से मंडी जाकर सब्जियां और अन्य सामान लाना पड़ता है। पहले इसके लिए ऑटो का सहारा लेना पड़ता था, जिसका किराया अधिक होने से उनकी कमाई का एक हिस्सा आवागमन में ही खर्च हो जाता था। वापसी के सफर में भी अलग से किराया देना पड़ता था।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने के बाद उनकी यह परेशानी काफी हद तक कम हुई है। अमोली बताते हैं कि अब करीब 30 रुपए किराया देकर बस से मंडी पहुंच जाते हैं और सब्जी व सामान लेकर वापस आना भी सुविधाजनक हो गया है। इससे रोजमर्रा के परिवहन खर्च में सीधे बचत हो रही है।
सब्जी विक्रेता के लिए परिवहन खर्च में यह कमी महत्वपूर्ण है। अमोली बताते हैं कि कई बार बाजार में सब्जियों का भाव कम मिलने से उन्हें घाटा उठाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में मंडी आने-जाने का कम किराया उनके व्यवसाय के खर्च को कम करने में मदद करता है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से मिली सुविधा से अपनी खुशी जाहिर करते हुए अमोली कहते हैं, “पहले ऑटो में किराया ज्यादा लगता था। अब बस में 30 रुपए किराया लगता है। मंडी से सब्जी और सामान लाने में भी सुविधा हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का एक वर्ष पूरा होने के साथ अमोली का अनुभव बताता है कि ग्रामीण परिवहन की सुविधा छोटे व्यवसायियों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी आजीविका के खर्च को कम करने का माध्यम भी बन रही है।








