
दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता-महापौर रामू रोहरा
दिव्यांगों की जरूरतों को मिला मंच, निदान-03 शिविर में वृद्धजनों और दिव्यांगो को सहायक उपकरणों का किया गया वितरण
धमतरी 10 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आज शनिवार को दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी के इंडोर स्टेडियम, आमातालाब रोड में ‘निदान-03’ विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग और भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कृत्रिम अंगों एवं विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया तथा अध्यक्षता महापौर रामू रोहरा ने की।
मुख्य अतिथि लोकेश कावड़िया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनमें भी अपार प्रतिभा एवं क्षमताएं हैं। जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की। दिव्यांगजनों को आवश्यक प्रशिक्षण, रोजगार और शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस दिशा में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक समाज के सम्मानित एवं महत्वपूर्ण सदस्य हैं। उनकी जरूरतों को समझते हुए उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं और सहायक उपकरणों का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। कृत्रिम अंग, ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के साथ उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या संसाधनों के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर के दौरान अतिथियों ने राजेश्वरी ध्रुव और मुकेश जाट को ट्राइसाइकिल वितरित की। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच दिव्यांग बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की गई। शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुसार कृत्रिम अंगों और सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद पंचायत धमतरी की अध्यक्ष अंगिरा ध्रुव, जनपद पंचायत मगरलोड की अध्यक्ष राजेश्वरी सहित नगर पंचायत आमदी एवं भखारा के अध्यक्ष, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, नगर निगम के पार्षद और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निदान-03’ शिविर में ऐसे दिव्यांगजनों, जिनके हाथ या पैर कटे हुए हैं अथवा जो पोलियोग्रस्त हैं, उनके लिए कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स उपलब्ध कराने हेतु मापन और परीक्षण किया गया । इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को मैनुअल ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए ।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने की सुविधा
शिविर में जिला चिकित्सा बोर्ड द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण, चिन्हांकन एवं प्रमाणीकरण कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध हैt। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों के विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है । निदान-3 शिविर का कल भी आयोजित होगा ।









