
*सेवा की कहानी*
*- सुरक्षित आवास, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक जीवन से परिवार के जीवन-स्तर में आया सकारात्मक बदलाव*
राजनांदगांव 10 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास बनाने में आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवास निर्माण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कर सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। इसी कड़ी में छुरिया विकासखंड अंतर्गत के ग्राम कल्लूटोला निवासी श्री उदेराम साहू का पक्के मकान बनाने का सपना साकार हुआ है। श्री उदेराम साहू आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंधित हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का लाभ मिलने से पहले अपने परिवार के साथ कच्चे एवं असुरक्षित मकान में निवास करते थे। बारिश, ठंड और अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों के दौरान परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मकान की असुरक्षा के कारण परिवार के सदस्यों की सुरक्षा और सुविधाजनक जीवन को लेकर भी चिंता बनी रहती थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत श्री उदेराम साहू को पक्का आवास निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रूपए की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई। यह राशि नियमानुसार तीन किश्तों में प्राप्त हुई और पक्के, सुरक्षित एवं टिकाऊ आवास का निर्माण पूरा किया। इसके साथ ही मनरेगा के अंतर्गत 90 दिवस की मजदूरी का लाभ मिलने से निर्माण अवधि में परिवार को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए भी सहायता मिली। उदेराम साहू और उनका परिवार पक्का मकान बनने के बाद सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास में निवास कर रहा है। अब परिवार को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दौरान परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। स्वच्छ वातावरण और शौचालय की सुविधा से जीवन-स्तर में सुधार हुआ है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और परिवार की दैनिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है। श्री उदेराम साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत सुरक्षित एवं सुविधाजनक पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया है।









