
कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और चश्मे सहित सहायक उपकरणों से हो रहे लाभान्वित, वरिष्ठ नागरिकों की आंखों एवं कानों की भी हो रही जांच
धमतरी, 11 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘निदान-03’ विशेष शिविर का आज धमतरी के इंडोर स्टेडियम में अंतिम दिन है। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक अपने परिजनों के साथ पहुंचकर निःशुल्क सहायक उपकरणों एवं विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं।
शिविर में दिव्यांगजनों की आवश्यकतानुसार जांच एवं आकलन कर उन्हें कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की आंखों एवं कानों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार चश्मे और श्रवण संबंधी सहायक उपकरण भी प्रदान किए जा रहे हैं। इससे बुजुर्गों को बेहतर दृष्टि एवं श्रवण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
एक ही स्थान पर मिल रहीं विभिन्न सुविधाएं
शिविर में सहायक उपकरणों के वितरण के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी), बस पास एवं एम-आधार कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में पहल
‘निदान-03’ शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम बनाना है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर समाज के जरूरतमंद वर्गों को आवश्यक सहायता, बेहतर जीवन सुविधाएं और सम्मानपूर्वक जीवनयापन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।









