जशपुरनगर 12 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में बैठक लेकर जनपद पंचायत, श्रम विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण और बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता से पूरा करने निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने पर जोर दिया। साथ ही सभी आंगनबाड़ी भवनों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छ भारत कोष के अंतर्गत शौचालय निर्माण के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की समीक्षा करते हुए उन्होंने भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए आभा रिपोर्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आधार एवं फेस ऑथेंटिकेशन, तीन से छह वर्ष तक के बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए आधार फेस मैचिंग व्यवस्था तथा बच्चों की अपार आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
पात्र श्रमिकों का पंजीयन करने प्रवासी श्रमिकों का रिकॉर्ड रखने निर्देश
श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने श्रमिक पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पंजीयन के लिए लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण कर पात्र श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिक कार्ड में आवश्यक सुधार के लंबित प्रकरणों को भी जल्द पूरा करने को कहा, ताकि पात्र श्रमिक केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने आजीविका की तलाश में दूसरे राज्यों में काम करने जाने वाले श्रमिकों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारित करने पर भी जोर दिया, ताकि उनके संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहे और जरूरत पड़ने पर उन्हें योजनाओं से जोड़ने में सुविधा हो।
पर्यटन स्थलों में स्वच्छता पर विशेष जोर
जनपद पंचायत के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, गांवों में कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की नियमित साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और स्वच्छता श्रमदान से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने पर्यटन स्थलों के आसपास स्थित ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई के लिए स्वच्छता श्रमदान अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में प्रस्ताव पारित कर पर्यटन स्थलों के आसपास कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने की व्यवस्था करें। इसके साथ ही यात्री प्रतीक्षालयों और बस स्टॉप की साफ-सफाई के लिए विशेष अभियान चलाकर ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने से ग्रामीण क्षेत्रों की सुंदरता बढ़ेगी और गांवों का वातावरण स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनेगा।
पर्यटन स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने श्रमदान पर जोर
बचे हुए आंगनबाड़ी भवनों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश









