
अम्बिकापुर 12 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर सरगुजा के निर्देशन में खनि अमले द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को अम्बिकापुर एवं धौरपुर क्षेत्र में खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना अभिवहन पास खनिज परिवहन के चार मामले सामने आए, जिनमें चार टीपर वाहनों को जब्त किया गया है।
कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक CG 29 AH 8038 के मालिक शैलेश कुमार तथा CG 29 AG 1247 के मालिक मनोज कुशवाहा के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों वाहनों को कलेक्टर कार्यालय परिसर, अम्बिकापुर में रखा गया है। इसी प्रकार वाहन क्रमांक CG 15 EJ 4223 के मालिक अतुल जायसवाल तथा CG 15 EE 9671 के मालिक इन्द्रदेव गुप्ता के वाहनों पर भी बिना अभिवहन पास खनिज परिवहन करने के मामले में प्रकरण दर्ज कर उन्हें जब्त किया गया है। इन दोनों वाहनों को अग्रिम आदेश तक थाना धौरपुर की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज परिवहन के इन मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(4), 21(5) एवं 23 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के 22 जून 2026 को संशोधित नियम 71 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
संशोधित नियम 71(3) के अनुसार अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में न्यूनतम 25 हजार रुपये का शमन शुल्क अथवा 2,000 रुपये प्रति टन की दर से निर्धारित राशि, जो भी अधिक हो, वसूल किए जाने का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त संबंधित खनिज का बाजार मूल्य भी वसूल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जांच और कार्रवाई खनि अमला द्वारा लगातार जारी रहेगी।
अम्बिकापुर 12 अक्टूबर 2026/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, अम्बिकापुर द्वारा 14 अक्टूबर बुधवार को प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों के निजी नियोजक तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के लगभग 355 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लेंगे।
उप संचालक रोजगार ने बताया कि सरगुजा संभाग के शिक्षित युवा इस रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। मेले में भाग लेने के लिए आवेदकों को ई-रोजगार पोर्टल www.erojar.cg.gov.in अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर रोजगार पंजीयन के साथ-साथ रोजगार मेले के लिए भी पंजीयन कराना अनिवार्य है। जिन आवेदकों ने अभी तक ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया है, वे पहले अपना पंजीयन करा सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, गंगापुर, अम्बिकापुर में उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। नियुक्ति की शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस पूरी प्रक्रिया में रोजगार कार्यालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता के रूप में रहेगी।









