
*सेवा की कहानी*
*- प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से श्री सुरेश पटेल को मिला पक्का आवास*
राजनांदगांव 12 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के पक्के मकान बनाने का सपना साकार हो रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम चैतुखपरी निवासी श्री सुरेश पटेल का पक्का मकान बनाने का सपना साकार हुआ है। श्री सुरेश पटेल ने बताया कि पत्नी और बेटा के साथ पहले कच्चे एवं जर्जर मकान में निवास करते थे। वह अपनी आजीविका के लिए हस्तकला एवं मूर्ति निर्माण व पेंटिग का कार्य करते हैं तथा समय-समय पर मजदूरी भी करते हैं। उनकी पत्नी भी मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाने में सहयोग करती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। कच्चे मकान में विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में घर में पानी भर जाने से कठिनाईयां होती थी। साथ ही घर में पानी आने से मूर्ति निर्माण एवं पेंटिंग कार्य भी प्रभावित होते थे। सीमित आमदनी के चलते वे अपने परिवार के लिए सुरक्षित और पक्का आवास बनाने में असमर्थ थे।
श्री सुरेश पटेल ने बताया कि इसी दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से आवास प्लस सर्वे सूची में उनका नाम दर्ज होने की जानकारी मिली। ग्राम पंचायत में बैंक खाते एवं आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद आवास स्वीकृति हेतु प्रक्रिया की गई। कुछ समय बाद ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का आवास निर्माण के लिए स्वीकृति की सूचना मिली। बैंक खाते में पहली किस्त के रूप में 40 हजार रूपए की राशि प्राप्त होने पर मकान निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया। इस तरह योजना के तहत तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रूपए की आवास सहायता राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत 95 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला। उन्होंने प्राप्त सहायता राशि से परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया। पक्का आवास का सपना पूरा होने से उनका परिवार सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहा है और उनके हस्तकला एवं मूर्ति निर्माण व पेंटिंग कार्य में भी परेशानी नहीं हो रही है। श्री सुरेश पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का आवास निर्माण के लिए सहायता मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।









