जशपुरनगर 13 अक्टूबर 2026/ सेवा सेतु अभियान अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसंपर्क विभाग जशपुर द्वारा रणजीता स्टेडियम के समीप जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाया गया है। स्टॉल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जन सेवा यात्रा के साथ सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने किया। स्टॉल के माध्यम से केंद्र और राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों और जिले में विकास को गति देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाया गया है। स्टॉल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित आशीर्वाद के दीये कार्यक्रम की झलक भी प्रस्तुत की गई है। इसके माध्यम से जनभागीदारी, सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना का संदेश दिया जा रहा है। आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को शासन की योजनाओं, उनके उद्देश्यों और आमजन के जीवन में उनके प्रभाव से अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद श्री सुधीर पाठक, श्री देव धन नायक एवं श्रीमती प्रेमलता साहू तथा मनोनीत पार्षद श्री राधेश्याम निराला और श्री ओमप्रकाश नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण से ग्रामीण परिवहन तक विकास की तस्वीर
स्टॉल में महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रही आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से परिवारों को उपलब्ध कराए जा रहे पक्के मकानों की जानकारी प्रदर्शित की गई। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा हितग्राहियों को मिल रहे लाभों को भी दर्शाया गया। महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए घोलेंग में संचालित टेक्सटाइल प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहा। यहां स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आदित्य बिड़ला समूह के सहयोग से हैंडलूम, शॉल और साड़ी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला प्रशासन और बिहान के संयुक्त प्रयासों से महिलाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बस सेवाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। जिले के 16 मार्गों पर संचालित बस सेवाओं से ग्रामीणों को बाजार, शैक्षणिक संस्थानों और मुख्यालय तक पहुंचने में मिल रही सुविधा को रेखांकित किया गया।
सेवा सेतु शिविरों और आजीविका संवर्धन के प्रयासों का प्रदर्शन
स्टॉल में सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों तक शासकीय सेवाएं पहुंचाने और उनकी समस्याओं के निराकरण से जुड़े प्रयासों को भी स्थान दिया गया। पेंशन, राशन, आयुष्मान कार्ड, आधार और श्रम कार्ड से संबंधित आवेदनों के निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरण की जानकारी दी गई।
जल संरक्षण और ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित गतिविधियों के साथ ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत आयोजित बैंक ऋण मेलों को भी प्रदर्शित किया गया। स्व-सहायता समूहों और पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए मुद्रा ऋण सहित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों के माध्यम से आजीविका संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों को रेखांकित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर वनमंडल की एक पेड़ मां के नाम पहल को भी प्रदर्शित किया गया। इस प्रकार स्टॉल में जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को एक ही स्थान पर प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने जाना योजनाओं और सेवा कार्यों का महत्व
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्टॉल का अवलोकन कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवा गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान शासकीय पत्रिका जनमन भी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रही। पत्रिका में शासन की योजनाओं से संबंधित जानकारी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध है। इस अवसर पर पत्रकार गण, जिला जनसंपर्क कार्यालय जशपुर की सहायक संचालक श्रीमती नूतन सिदार, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री राहुल बघेल, रविन्द्र चौधरी, सहायक ग्रेट 2 श्री विनोद यादव सहित विभाग के अन्य कर्मचारी श्री हेमंत प्रसाद, श्री अशोक कुजूर, श्री अभिलेख भगत, श्री अभिषेक सिंह और श्री भूपाल सिदार उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जन सेवा यात्रा, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को किया गया प्रदर्शित
महतारी वंदन, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला और सूर्य घर योजना सहित विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी








