
संक्षिप्त आरती के बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी पार्थिबनकी मौजूदगी में दीप प्रज्वलित किया गया. वे मचान के सहारे बनाए गए मंच पर दीपक रखने के लिए तैयार किए गए बड़े पात्र के पास खड़े थे.
दीप प्रज्वलन देखने उमड़े श्रद्धालु
तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की तलहटी में स्थित ‘दीपथून’ (दीप स्तंभ) पर दीपक जलाए जाने का दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. दीपक प्रज्वलित होते ही कई श्रद्धालु भावुक नजर आए. इस दौरान पूरे इलाके में भगवान मुरुगन के जयकारे गूंजते रहे. श्रद्धालुओं ने ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के उद्घोष के साथ दीपोत्सव मनाया.
30 किलो घी और 50 मीटर बाती का इस्तेमाल
पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने के लिए 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया.
पहाड़ी पर जाने की अनुमति सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को
जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को देखते हुए पहाड़ी पर जाने के लिए केवल 50 श्रद्धालुओं को अनुमति दी थी. प्रशासन ने साफ किया था कि तय संख्या के अलावा किसी भी श्रद्धालु या आम नागरिक को पहाड़ी पर चढ़ने की इजाजत नहीं होगी.
पहाड़ी की संरचनात्मक स्थिरता और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए थे. प्रशासन ने लोगों से जिला अधिकारियों और पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की थी.
CRPF ने संभाली सुरक्षा की जिम्मेदारी
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा संभाल ली थी. बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने की कोशिश करने वाले लोगों को जवानों ने रोक दिया.
CRPF के दक्षिणी क्षेत्र के महानिरीक्षक टी. विक्रम ने कहा, “हमारा एकमात्र उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करना है.”
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को जारी किया था अवमानना नोटिस
दरअसल, तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद चल रहा है. सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इस मामले में अपने पहले के निर्देशों का जानबूझकर उल्लंघन करने के आरोप में तमिलनाडु सरकार को अवमानना नोटिस जारी किया था.
कोर्ट ने शनिवार को पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर धार्मिक परंपरा के अनुसार दीप जलाने का निर्देश दिया था. इसके बाद शनिवार शाम पांच बजे निर्धारित स्थान पर दीप प्रज्वलित किया गया.






