
राजनांदगांव 13 अक्टूबर 2026। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में 10 बिस्तरीय वृद्धजन वार्ड, 10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केन्द्र तथा 3 बिस्तरीय दर्द एवं प्रशामक देखभाल वार्ड का शुभारंभ किया। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वृद्धजन देखभाल, पोषण पुनर्वास एवं प्रशामक चिकित्सा सुविधा अतिरिक्त देखभाल एवं सहयोग की आवश्यकता वाले वर्गों को ध्यान में रखकर विकसित की गई है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि वृद्धजन वार्ड वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने, पोषण पुनर्वास केंद्र कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार तथा दर्द एवं प्रशामक देखभाल वार्ड गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों को राहत और सम्मानजनक देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र प्रसाद, अस्पताल सलाहकार श्री अविन चौधरी, जिला एनसीडी कंसल्टेंट डॉ. विकास राठौर, जीवनदीप समिति के सदस्य श्री गुरमुख वाधवा एवं डॉ. अरविंद सिन्हा, प्रभारी मैट्रन श्रीमती रत्ना चंद्रा, आईसीसीयू एवं कैंसर यूनिट प्रभारी श्रीमती महिमा झा, ओपीडी प्रभारी श्रीमती रेखा देवांगन, वृद्धजन वार्ड प्रभारी श्री लभेश पगारे तथा जिला चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








