
बीमा योजनाओं के 55 आवेदन प्राप्त, 40 खातों की पुनः केवाईसी और 15 खातों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी
धमतरी, 28 अक्टूबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, आम नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने तथा वित्तीय जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज बैंक ऑफ बड़ौदा की भाटागांव शाखा द्वारा ग्राम पंचायत भाटागांव में वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं और शासन की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान नए बैंक खाते खोलने, बीमा योजनाओं से जोड़ने, खातों की पुनः केवाईसी तथा नामांकन संबंधी कार्य किए गए।
शिविर में कुल 15 प्रधानमंत्री जनधन खाते खोले गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 20 आवेदन तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 35 नए आवेदन प्राप्त किए गए। इसी प्रकार अटल पेंशन योजना के तहत 10 सदस्यता फॉर्म भरे गए। इसके अतिरिक्त 40 बैंक खातों की पुनः केवाईसी की गई तथा 15 खातों में नामांकन (नॉमिनेशन) संबंधी फॉर्म जमा किए गए।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, रायपुर के उप महाप्रबंधक श्री प्रदीप गोंधुले शामिल हुए। उन्होंने वित्तीय समावेशन के महत्व तथा बैंकिंग सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। शिविर में धमतरी जिले के अग्रणी जिला प्रबंधक श्री इंद्र कुमार टिलवानी तथा ग्राम पंचायत भाटागांव के सरपंच भी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को बैंक खाते नियमित रखने, खातों में नामांकित व्यक्ति का विवरण अद्यतन कराने, समय-समय पर केवाईसी पूर्ण करने तथा पात्रतानुसार बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़ने के प्रति जागरूक किया गया। इन सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के साथ-साथ परिवारों को भविष्य की आर्थिक अनिश्चितताओं से सुरक्षा प्रदान करने और वृद्धावस्था में नियमित आय की व्यवस्था के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
वित्तीय समावेशन शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने, लोगों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।









