
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ कार्यालय कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (VB-GRAMG), जिला सरगुजा द्वारा जनपद पंचायत स्तर पर सहायक प्रोग्रामर एवं लेखापाल के संविदा पदों पर भर्ती हेतु प्राप्त आवेदनों के प्रारंभिक परीक्षण उपरांत पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। प्रकाशित सूची के संबंध में अभ्यर्थियों से 10 नवंबर 2026 तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
कार्यालय द्वारा उक्त संविदा पदों की पूर्ति हेतु 25 सितम्बर 2026 को विज्ञापन प्रकाशित कर 10 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में स्पीड पोस्ट अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि में दोनों पदों के लिए कुल 267 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका चयन समिति द्वारा प्रारंभिक परीक्षण किया गया।
प्रारंभिक परीक्षण में सहायक प्रोग्रामर (संविदा) के विज्ञापित 02 पदों के लिए प्राप्त 139 आवेदनों में से 108 अभ्यर्थी पात्र एवं 31 अपात्र पाए गए। इसी प्रकार लेखापाल (संविदा) के विज्ञापित 07 पदों के लिए प्राप्त 128 आवेदनों में से 111 अभ्यर्थी पात्र एवं 17 अपात्र पाए गए।
अभ्यर्थी प्रकाशित पात्र-अपात्र सूची के संबंध में सुसंगत अभिलेखों सहित अपनी दावा-आपत्ति 10 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक कार्यालय जिला पंचायत सरगुजा में प्रस्तुत कर सकते हैं।
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड लखनपुर में पलंगड़ी से इरगवां पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस 3.70 किलोमीटर लंबे मार्ग से क्षेत्र के 10 ग्रामों के ग्रामीणों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान होगी।
लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) संभाग, अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 24 दिसंबर 2024 को उक्त कार्य के लिए 602.58 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके अंतर्गत 3.05 किलोमीटर बी.टी. सड़क एवं 0.65 किलोमीटर सी.सी. सड़क का निर्माण किया गया है। मार्ग की चैड़ाई 3.75 मीटर है। इसके अतिरिक्त 06 पाइप पुलिया, 04 स्लैब कल्वर्ट तथा नाले पर 02 मध्यम पुलों का निर्माण किया गया है, जिनमें क्रमशः 2 स्पान 6 मीटर एवं 3 स्पान 8 मीटर की संरचनाएं शामिल हैं।
इस मार्ग से रजपुरी, धनपुरी, टपरकेला, अमदला, चांदो, बेलदगी, पलंगड़ी, इरगवां, अमलभिट्ठी एवं देवीटिकरा ग्रामों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। सड़क निर्माण से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने, किसानों को कृषि उपज बाजार एवं मंडियों तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। विशेषकर बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलने के साथ क्षेत्र की कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ जिला परियोजना के लाईवलीहुड कॉलेज सोसायटी अम्बिकापुर के सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि लाईवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर में वर्ष 2026-27 हेतु पंजीकृत कोर्स प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 (PMKVY 4.0) अंतर्गत डोमेस्टिक गाई.टी. हेल्पडेस्क (कम्पयूटर) में प्रशिक्षण प्रारम्भ होने जा रहा है। पंजीकृत कोर्स में प्रशिक्षण लेने हेतु इच्छुक लड़कियां जिनकी उम्र 25 वर्ष से कम हो 31 अक्टूबर 2026 तक समय सुबह 10ः00 बजे से शाम 05ः00 बजे के बीच लाईवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर में स्वयं उपस्थित होकर आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होने बताया कि प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा, जिसमें पंजीकृत हितग्राहियों को कौशल प्रशिक्षण उपरान्त सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
अन्य जानकारी के लिए लाईवलीहुड कॉलेज अम्बिकापुर, गांधी चौक, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर अम्बिकापुर (छ.ग.) 497001 में सम्पर्क कर सकते है।
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ अपर कलेक्टर सरगुजा द्वारा प्राकृतिक आपदा में मृतक के वारिस को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है। जिसमें तहसील उदयपुर के सायर निवासी राम सिंह मझवार की मृत्यु पानी में डूबने से होने पर उनके वारिस सुमंती बाई को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। इस राशि की मंजूरी राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 संशोधित प्रावधानों के तहत प्राकृतिक आपदा राहत के अंतर्गत दी गई है।









