
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महतारी सदन योजना के तहत सुविधाजनक भवन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर अंतर्गत ग्राम पुहपुटरा में 24 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है। पहले समूह की महिलाओं को बैठक के लिए कभी किसी सदस्य के घर तो कभी पेड़ों की छांव का सहारा लेना पड़ता था। अब महतारी सदन बनने से उन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान मिल गया है, जहां वे बिना किसी संकोच के समूह की बैठकों और आजीविका संबंधी गतिविधियों पर चर्चा कर रही हैं।
वर्ष 2024-25 में स्वीकृत हुआ महतारी सदन निर्माण कार्य
ग्राम पुहपुटरा में महतारी सदन का निर्माण वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत महतारी सदन योजना के अंतर्गत 24.70 लाख रुपये की लागत से किया गया है। भवन में महिलाओं के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे गांव के विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों को नियमित बैठक और सामूहिक गतिविधियों के संचालन में सहूलियत मिल रही है।
पहले पेड़ों के नीचे होती थी बैठक, अब सुरक्षित वातावरण में खुलकर रख रही हैं अपनी बात
लक्ष्य महिला स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती बिंदेश्वरी राजवाड़े बताती हैं कि समूह गठन के शुरुआती दिनों में बैठक आयोजित करने के लिए कोई निश्चित स्थान नहीं था। कभी किसी सदस्य के घर तो कभी पेड़ के नीचे बैठक करनी पड़ती थी। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही और भीड़ के कारण महिलाएं अपनी समस्याओं तथा आजीविका से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा नहीं कर पाती थीं।
उन्होंने बताया कि महतारी सदन बनने से यह परेशानी दूर हो गई है। अब समूह की सभी महिलाएं एक सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान पर एकत्रित होकर बैठक करती हैं। यहां वे बिना किसी संकोच के अपने विचार रखती हैं और आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आपसी चर्चा करती हैं। बैठक एवं शौचालय सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से महिलाओं को काफी सहूलियत मिली है। श्रीमती राजवाड़े ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
महतारी सदन बनने से समूह की बैठकों में मिली सहूलियत : गीता शर्मा
ग्राम पुहपुटरा की ज्योति महिला स्वयं सहायता समूह की सचिव श्रीमती गीता शर्मा ने बताया कि महतारी सदन बनने से पहले समूह की बैठकों के आयोजन में काफी कठिनाइयां आती थीं। बैठक के लिए किसी सदस्य के घर जाना पड़ता था, जिससे कई बार संबंधित परिवार को भी असुविधा होती थी। सभी महिलाओं को एक साथ बैठने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल पाता था।
उन्होंने बताया कि अब महतारी सदन बनने से गांव के विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एक ही स्थान पर बैठक कर सकती हैं। यहां बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे समूह की गतिविधियों का संचालन अधिक सुविधाजनक हो गया है।
श्रीमती शर्मा ने बताया कि महतारी सदन से महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों और आपसी विचार-विमर्श के लिए बेहतर वातावरण मिला है। उन्होंने कहा कि यह भवन समूह की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामूहिक निर्णय और आजीविका गतिविधियों को मिल रहा प्रोत्साहन
महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आपसी संवाद, सामूहिक निर्णय और आजीविका गतिविधियों का केंद्र बन रहा है। यहां महिलाएं समूह की कार्ययोजना तैयार करने, स्वरोजगार की संभावनाओं पर विचार करने और आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट हो रही हैं।
ग्राम पुहपुटरा की महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं के अनुसार महतारी सदन बनने से उनकी बैठक स्थल की पुरानी समस्या दूर हुई है। अब उन्हें एक सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिला है, जहां वे आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकती हैं और समूह की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
समाचार क्रमांक 304/2026/अजीत
अम्बिकापुर 28 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को सरगुजा जिला मुख्यालय में एक दिवसीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सरगुजा जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर राज्य की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राज्योत्सव 2026 की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। इसके अनुरूप कार्यक्रम स्थल पर महिला सशक्तीकरण, युवाओं के अवसरों और प्रदेश के समग्र विकास को केंद्र में रखकर आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी मिल सकेगी।
जिला स्तरीय राज्योत्सव में कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही, शासन की कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की भी व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि राज्य स्थापना दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक सरगुजा जिला मुख्यालय स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों को अपने बजट से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
सरगुजा में आयोजित होने वाला राज्योत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का अवसर होगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण और युवा सहभागिता के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।









