

अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, बिहार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है।
किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में मंगलवार को चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों के विरुद्ध आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 31/26, दिनांक 02 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49/61(2) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक कोटि के अधिकारियों के नेतृत्व में 3 नवंबर को चार स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
इनमें शामिल हैं—
* कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित ऑफिस कॉलोनी में पैतृक मकान।
* कटिहार के ऑफिस कॉलोनी स्थित निजी अपार्टमेंट/मकान।
* किशनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थित कार्यक्रम पदाधिकारी का सरकारी कार्यालय।
* किशनगंज के लाइनपारा स्थित किराये का आवास।
2.45 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा
आर्थिक अपराध इकाई की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के विरुद्ध ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 2,45,84,000 रुपये (दो करोड़ पैंतालीस लाख चौरासी हजार रुपये) अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
फिलहाल सभी चार ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है।
आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।






