
अम्बिकापुर 05 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरगुजा के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत महाविद्यालयों में गठित स्वीप एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से 2 से 7 नवंबर 2026 के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को श्री साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय “मतदान का महत्व” तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय “मतदाता सूची तैयार करना, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया” रखा गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर की माधुरी राजवाड़े एवं बी.एससी. बी.एड. तृतीय वर्ष की एकता रानी साहू विजेता रहीं।
वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छह विभागों की अलग-अलग टीमों ने भाग लिया, जिसमें कुल 30 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में बहुविकल्पीय प्रश्न के तीन राउंड, द्वितीय चरण में मस्तिष्क टीजर के दो राउंड, तृतीय चरण में विजुअल राउंड के दो राउंड तथा अंतिम चरण में रैपिड फायर राउंड आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक टीम से तीन-तीन प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स एवं लाइफ साइंस विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान तथा कंप्यूटर साइंस विभाग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल द्वारा विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने हेतु दो विद्यार्थियों का चयन भी किया गया। इनमें बी.एससी. बी.एड. तृतीय वर्ष की रागिनी तिवारी एवं बी.एससी. पंचम सेमेस्टर सात्विक राज शामिल हैं। चयनित विद्यार्थी 11 से 13 नवंबर 2026 के मध्य आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुमन मिंज तथा स्वीप कैंपस एम्बेसडर निशा निषाद एवं चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वीप समिति के सदस्य श्री देवेन्द्र दास सोनवानी एवं श्रीमती आकांक्षा श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में स्वीप प्रतिनिधि श्री रजनीश मिश्रा, विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष शिक्षा डॉ. दिनेश शाक्य, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र दास सोनवानी एवं श्रीमती पल्लवी मुखर्जी शामिल रहे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुमन मिंज ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में स्वीप, निर्वाचन साक्षरता क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इनमें हिमांशु शर्मा, आशीष दास, मनीष कुमार रवि, श्रवण आयाम, अमित मरावी, संजू लकड़ा, रिमझिम सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, आवश्यकतानुसार मतदाता विवरण में सुधार कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
अम्बिकापुर 05 नवम्बर 2026/ राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद्, छत्तीसगढ़ रायपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत संभाग स्तरीय नाटक (रोल प्ले) एवं लोक नृत्य (फोक डांस) प्रतियोगिता का आयोजन 4 नवंबर 2026 को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बिकापुर में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य शालेय विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जीवन कौशल का विकास करना था।
प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के तीन जिलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नाटक विधा में कुल 18 तथा लोक नृत्य विधा में 14 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने जनसंख्या शिक्षा के विभिन्न विशिष्ट विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जीवन कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए।
प्रतियोगिता के परिणामों में नाटक (रोल प्ले) विधा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर, जिला कोरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लोक नृत्य (फोक डांस) विधा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, ब्रम्हपारा, जिला सरगुजा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक डॉ. राजेश कुमार सिंह,सहायक संचालक श्री अनिल अग्रवाल, श्री शशिकांत सिंह, श्री प्रवीण सिन्हा एवं श्री रविशंकर तिवारी, प्राचार्य श्री एलपी गुप्ता एवं श्री एडवर्ड टोप्पो तथा व्याख्याता श्री शैलेन्द्र सेंगर सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अम्बिकापुर 05 नवम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख क्षेत्र के 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ हो गया है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://cgdme.in का अवलोकन कर सकते हैं।
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी तथा मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शामिल हैं। स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर्स ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री तथा बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस शामिल हैं।
इनके माध्यम से विद्यार्थी चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विभिन्न तकनीकी कार्यक्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। प्रमुख कार्यक्षेत्रों में रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग, चिकित्सा प्रयोगशाला, एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस तथा ऑप्टोमेट्री शामिल हैं।
रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग का कार्यक्षेत्र एक्स-रे, सीटी और एमआरआई जाँच सेवाओं से जुडे क्षेत्र में रोजगार के द्वार खुलेंगे है। चिकित्सा प्रयोगशाला का कार्यक्षेत्र पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं, रक्त बैंकों और शोध प्रयोगशालाओं तक विस्तृत है। इसी प्रकार एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर से संबंधित भूमिकाएँ शल्य कक्ष, गहन चिकित्सा इकाई और आपातकालीन विभाग में होती हैं। डायलिसिस का कार्यक्षेत्र डायलिसिस इकाइयों एवं गुर्दा रोग विभाग तथा ऑप्टोमेट्री का कार्यक्षेत्र नेत्र अस्पतालों, दृष्टि जाँच केंद्रों में रोजगार की संभावना होगी ।
आवेदन जमा करने अथवा शुल्क का भुगतान करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक प्रवेश सूचनाओं का अवलोकन करने के लिए कहा गया है। प्रवेश की विस्तृत शर्तों और प्रक्रिया की प्रामाणिक जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचनाओं से प्राप्त की जा सकती है।









