
*- रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा के लिए 11 लाख रूपए की स्वीकृति*
*- गोलबाजार स्थित मटन मार्केट को विस्थापित करने एवं अतिक्रमण हटाने का लिया गया निर्णय*
राजनांदगांव 13 नवम्बर 2026। श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव की साधारण की बैठक जिला कार्यालय के अपर कलेक्टर कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में राजगामी सम्पदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, उपाध्यक्ष श्री मनोज निर्वाणी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर राजनांदगांव श्री सीएल मारकण्डेय, राजगामी संपदा व्यवस्थापक एवं तहसीलदार श्री प्यारे लाल नाग उपस्थित थे। बैठक में राजगामी संपदा न्यास की भूमि एवं संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, शहर के विकास तथा राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में राजगामी संपदा की संपत्तियों से जुड़े लंबित विषयों, राजस्व वसूली, अतिक्रमण एवं शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में राजनांदगांव शहर के गोलबाजार स्थित मटन मार्केट का किराया एवं बकाया किराया निरस्त करने तथा वर्तमान मटन मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने का निर्णय लिया गया। राजगामी संपदा की शहरी क्षेत्र में स्थित भूमि पर हुए अतिक्रमणों के संबंध में चर्चा की गई तथा संबंधित भूमि का सीमांकन कार्य पूर्ण कराकर अवैध कब्जाधारियों को हटाने की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही राजगामी संपदा के जिन बकायादारों द्वारा लंबे समय से किराया अथवा अन्य देय राशि जमा नहीं की गई है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार बकाया राशि की वसूली की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। शहर में रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 11 लाख रूपए की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। गोलबाजार स्थित गोल ऑफिस भवन की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए रंगरोगन एवं जीर्णोद्धार कार्य कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। भूमि की वास्तविक स्थिति एवं भूमि संबंधी विवादों को दृष्टिगत रखते हुए रॉयल किड्स, वाइडनर स्कूल एवं गुजराती स्कूल की भूमि का सीमांकन कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजगामी संपदा की संपत्तियों के संरक्षण, उनके समुचित उपयोग, लंबित राजस्व की वसूली एवं शहर के विकास से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा की गई।









